उज्‍जैन न्यूज़ (Ujjain News)

सिंहस्थ क्षेत्र में 615 मकान मालिकों को नोटिस बँटे..

  • सोमवारिया क्षेत्र में सिंहस्थ की जमीन पर पूरी बस्ती बस गई है
  • 20 फरवरी के बाद होगी अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई

उज्जैन। सिंहस्थ क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई 20 फरवरी के बाद कभी भी शुरू हो सकती है। नगर निगम के 3 जोन में सिंहस्थ 2016 के बाद तेजी से अतिक्रमण हुआ है। पिछले दिनों कलेक्टर ने हटाने के निर्देश दिए हैं। इस कड़ी में नगर निगम ने नोटिस बाँट दिए हैं। अब 20 फरवरी तक का समय सबको अतिक्रमण हटाने का दिया, इसके बाद कार्रवाई शुरू होगी।



सिंहस्थ क्षेत्र में बड़े पैमाने पर मैरिज गार्डन चल रहे हैं और अवैध रूप से गैरेज संचालकों ने शेड भी तान लिए हैं। इतना ही नहीं 2016 की चेतावनी के बाद भी पिपली नाका क्षेत्र में बड़े पैमाने पर पक्के मकान भी बना लिए गए हैं। सोमवारिया क्षेत्र में तो मस्जिद की आड़ में पूरी बस्ती बस गई है। सिंहस्थ क्षेत्र की करीब 50 बीघा जमीन पर मकान बना लिए हैं और दुर्गादास छत्री जाने वाले मार्ग पर भी अतिक्रमण कर लिया है। पूर्व में कार्रवाई शुरू हुई थी लेकिन बाद में यह टल गई। अब कलेक्टर नीरज कुमार सिंह ने पिछले दिनों नगर निगम को निर्देश दिए थे कि सिंहस्थ क्षेत्र के अतिक्रमण तत्काल हटाए जाए। इसके बाद नगर निगम ने नोटिस देने की कार्रवाई शुरू की। 615 से अधिक नोटिस दे चुके हैं। नगर निगम आयुक्त आशीष पाठक ने बताया फिलहाल नोटिस दे दिये गये हैं और सभी को 20 फरवरी तक अपना अतिक्रमण हटाने को कहा गया है। यदि 20 फरवरी तक अतिक्रमण नहीं हटाया तो नगर निगम और शासन तथा पुलिस की टीम जाकर इस अतिक्रमण को हटाएगी।

उज्जैन में प्रतिदन हो रही है 30 लाख यूनिट बिजली की खपत
उज्जैन। गर्मी की दस्तक शुरू हो चुकी है। पारा भी सामान्य से 3 डिग्री ज्यादा चल रहा है। राहत पाने के लिए लोगों को पंखे और एसी का सहारा लेना पड़ रहा है। बिजली की खपत भी एक दिन में 30 लाख यूनिट के करीब पहुंच रही है।
गर्मी का मौसम शुरू हो चुका है। दिन का पारा 32.5 डिग्री और रात में 15 डिग्री के करीब चल रहा है। लोगों को पंखे की आवश्यकता महसूस हो रही है। सूरज की तीखी धूप के समय 11 बजे से 5 बजे तक कार्यालय, दुकान, मॉल और घरों में एसी भी चलने शुरू हो गए हैं, जिसके कारण बीते एक सप्ताह में 2 से 3 लाख यूनिट प्रतिदिन बिजली खपत में इजाफा हो रहा है। शीतकाल में जहां 110 मेगावाट 22 से 24 लाख यूनिट प्रतिदिन बिजली की खपत हो रही थी, अब यह 28 से 30 लाख यूनिट प्रतिदिन पर आ पहुंची है। शहर में पिछले वर्ष बिजली की अधिकतम खपत 110 मेगावाट तकरीबन 35 लाख यूनिट 1 दिन में अधिकतम दर्ज की गई थी। इस बार भी अप्रैल और मई के महीने में बिजली की खपत रिकॉर्ड स्तर पर रहेगी। इस बार अनुमान है कि बिजली खपत 125 मेगावाट के करीब 15 अप्रैल के बाद जा सकती है।

आज दोपहर बाद थानों का निरीक्षण करने पहुँचेंगे एसपी
उज्जैन। नवागत एसपी प्रदीप शर्मा आज दोपहर बाद शहरी क्षेत्र के थानों का निरीक्षण करने पहुँचेंगे। इसके चलते आज सुबह से ही शहर के अलग-अलग थानों में स्टाफ अलर्ट नजर आ रहा था और साफ-सफाई भी हो रही थी। उल्लेखनीय है कि नवागत एसपी प्रदीप शर्मा ने शनिवार को पद्भार ग्रहण कर लिया था और उसके बाद उन्होंने कलेक्टर के साथ महाशिवरात्रि की व्यवस्था को लेकर महाकाल क्षेत्र का दौरा किया था। इसके अलावा उन्होंने अधीनस्थों की बैठक भी बुलाई थी। जानकारी मिली है कि आज एसपी श्री शर्मा दोपहर बाद शहरी क्षेत्र के कई थानों का निरीक्षण करने जाएँगे। यह जानकारी लगने के बाद आज शहरी क्षेत्र के सभी थानों में सुबह से ही स्टाफकर्मी अलर्ट नजर आ रहे थे। थानों पर आज सुबह साफ-सफाई भी की जा रही थी। फाइलों को भी व्यवस्थित किया जा रहा था। एसपी पहले किस थाने पर जाएँगे यह स्पष्ट नहीं है।

Share:

Next Post

आरटीओ का पोर्टल बार-बार हो रहा बंद

Mon Feb 19 , 2024
ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने परेशान हो रहे लोग उज्जैन। राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (एनआइसी) के परिवहन सारथी पोर्टल का सर्वर बार-बार बंद हो रहा है। इससे ड्राइविंग लाइसेंस नहीं बन पा रहे हैं। यह समस्या एक महीने से अधिक समय हो रही है। सर्वर बंद होने से लोग घर बैठे लर्निंग ड्राइविंग लाइसेंस नहीं बना पा […]