इंदौर न्यूज़ (Indore News)

अब भाजपा चलाएगी गांव-गांव चलो, घर-घर चलो अभियान, 10 हजार गांव जाएंगे

6 अप्रैल से 14 अप्रैल तक पूरे प्रदेश में चलेगा अभियान
इन्दौर। भाजपा (BJP) अब पूरे प्रदेश में गांव-गांव ( Village-Village) चलो, घर-घर चलो अभियान चलाने जा रही है। इसकी जवाबदारी प्रदेश संगठन ने पिछड़ा वर्ग मोर्चा को सौंपी हैं। पार्टी के स्थापना दिवस 6 अप्रैल से यह अभियान शुरू होकर बाबा साहेब आम्बेडकर की जयंती 14 अप्रैल तक चलेगा, जिसमें करीब 10 हजार गांवों तक जाने का लक्ष्य रखा गया है।


इस अभियान में प्रदेश पदाधिकारी, जिलाध्यक्ष एवं सभी जिम्मेदार कार्यकर्ता शामिल होंगे। भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. के लक्ष्मण ने सभी प्रदेश अध्यक्षों को ये निर्देश जारी किए हैं। इसके बाद प्रदेश अध्यक्ष नारायणसिंह कुशवाह ने अभियान चलाने के लिए एक टीम बनाई है, जिसका संयोजक प्रदेश उपाध्यक्ष नानूराम कुमावत को बनाया गया है। इसमें सहसंयोजक हमीरसिंह पटेल तथा दीपक नरवरिया, राजाराम शिवहरे और धीरज पाटीदार सदस्य रहेंगे। अभियान के लिए एक बैठक जल्द ही रखी जाएगी। अभियान के दौरान प्रत्येक गांव में मोर्चा के कार्यकर्ता और पदाधिकारी पहुंचेंगे एवं सरकार की योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने का काम करेंगे। 6 अप्रेल को भाजपा का स्थापना दिवस भी है। इसी दिन से ही एकसाथ यह अभियान पूरे प्रदेश में शुरू होगा। 11 अप्रैल को महात्मा ज्योतिबा फूले की जयंती मंडल स्तर पर मनाई जाएगी और समाज प्रमुखों का सम्मान किया जाएगा। इसके साथ ही अभियान के दौरान रात्रि चौपाल रखने के लिए भी कहा गया है। संगोष्ठी, ओबीसी सम्मेलन, ओबीसी कार्यों की प्रदर्शनी, प्रदेश व जिला स्तर पर प्रेस वार्ता, ओबीसी के प्रबुद्ध नागरिकों से संपर्क, छात्र-छात्राओं का सम्मान, उद्यमियों से संपर्क के साथ पौधारोपण भी किया जाएगा। 14 अप्रैल को यह अभियान समाप्त होगा। इसके पीछे भाजपा का उद्देश्य ओबीसी वर्ग में अपनी पैठ बनाना है, ताकि चुनाव में इसका लाभ मिल सके।

Share:

Next Post

चाचा से रुपयों का विवाद, भतीजे ने जहर खाकर दी जान...

Mon Feb 27 , 2023
इन्दौर (Indore)। शहर में अलग-अलग जगह अप्राकृतिक मौत के मामलों में उनके शवों को पोस्टमार्टम (post mortem) के लिए भेजा गया है। किसी ने चाचा से रुपयों के विवाद तो किसी ने ड्यूटी (duty) से लौटकर मौत को गले लगाया। किसी की मौत बर्तनों के पीछे बैठे सांप के डंसने से लिखी थी। सभी मामलों […]