जबलपुर न्यूज़ (Jabalpur News) बड़ी खबर मध्‍यप्रदेश

BJP ही बना सकती है चाय वाले को प्रधानमंत्री, बूथ कार्यकर्ता को राष्ट्रीय अध्यक्ष : अमित शाह

जबलपुर। सन 1980 में मेरी जिम्मेदारी एक बूथ अध्यक्ष (My Responsibility A Booth President) से शुरू हुई थी। मैं भी आपकी तरह बूथ पर पार्टी का काम करता था। पार्टी ने मुझे बूथ अध्यक्ष से राष्ट्रीय अध्यक्ष (From Booth President to National President) बनाया। यह सिर्फ भाजपा में ही संभव है। जबकि अन्य दलों में राष्ट्रीय अध्यक्ष के लिए घराने या जातियों में जन्म लेना पड़ता है। भाजपा एकमात्र ऐसा दल है जो बूथ कार्यकर्ता को राष्ट्रीय अध्यक्ष और चाय बेचने वाले को प्रधानमंत्री बनाती है, यही लोकतंत्र की खूबसूरती है। जिस कार्यकर्ता में निष्ठा, परिश्रम करने की क्षमता, पार्टी के सिद्धांतों के प्रति समर्पण है उसके लिए रास्ते खुले हैं।


यह बात केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने शनिवार को जबलपुर लोकसभा क्षेत्र के बूथ सम्मेलन को संबोधित करते हुए कही। सम्मेलन को मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व सांसद राकेश सिंह ने भी संबोधित किया।

प्रधानमंत्री जी का जीवन कार्यकर्ताओं के लिए उदाहरण
शाह ने कहा कि हमें गर्व होना चाहिए कि हमारे नेता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 130 करोड़ की आबादी के हृदय में ऐसा स्थान बनाया है कि उनके जन्मदिन का कार्यक्रम पार्टी का कार्यक्रम न होकर 130 करोड़ जनता का कार्यक्रम बन गया। कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी और द्वारका से असम तक प्रधानमंत्री जी के जन्मदिन पर सेवा और समर्पण के भाव से न सिर्फ पार्टी कार्यकर्ताओं ने बल्कि जनता ने मोदी जी का जन्मदिन मनाया। उन्होंने कहा कि जनता का इतना प्यार और विश्वास जीतने के लिए समर्पित जीवन जीना पड़ता है। प्रधानमंत्री मोदी जी ने ऐसा समर्पित जीवन जी कर प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए आदर्श उदाहरण प्रस्तुत किया है।

कांग्रेस सिर्फ बोलने में और भाजपा काम करने में विश्वास रखती है
शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी ने अंत्योदय का अभियान शुरू किया है। उसमें हम लगातार आगे बढ़ रहे हैं। हर गरीब को आवास, शौचालय, मुफ्त बिजली के साथ आयुष्मान भारत का सुरक्षा कवच और हर घर में शुद्ध जल पहुंच रहा है। असल में यही अंत्योदय है। यही अंतर भाजपा और कांग्रेस में है। कांग्रेस सिर्फ बोलने का काम करती है और भाजपा काम करने में विश्वास करती है। कांग्रेस ने 70 वर्षों तक गरीबी हटाओ का नारा दिया लेकिन गरीबी नहीं हटी। मोदी जी ने बिना नारा दिए 7 वर्षों में 60 करोड़ गरीबों के जीवन में परिवर्तन लाने के लिए पुरूषार्थ किया है।

सरकार के हर काम का क्रियान्वयन कार्यकर्ता करेगा : शिवराज
प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा सरकार आज गुड गवर्नेंस और समर्पण भाव के लिए जानी जाती है। कोरोनाकाल में प्रधानमंत्री और राष्ट्रीय अध्यक्ष के आव्हान पर कार्यकर्ता जनसेवा में लगे रहे। स्वास्थ्य स्वयंसेवक के रूप में कार्यकर्ता दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ठाकरे जी के जन्मशताब्दी वर्ष पर हम उनके बताए हुए मार्ग पर चलेंगे। सरकार और संगठन मिलकर किस तरह जनता की सेवा कर सकते हैं, इसके उदाहरण प्रस्तुत करेंगे। उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश में 81 प्रतिशत लोगों का वैक्सीनेशन हो चुका है, इसके पीछे बूथ कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत और परिश्रम है। उन्होंने कहा कि सरकार के हर काम का क्रियान्वयन पार्टी कार्यकर्ता करेगा। सरकार का काम संगठन के माध्यम से जनता तक जाए यह सुनिश्चित करना है। चाहे गरीब कल्याण अन्न योजना, रसोई गैस के कार्यक्रम हो, प्रधानमंत्री आवास योजना के कार्यक्रम हों या भूमिपूजन के कार्यक्रम हों, सभी कार्यक्रमों का क्रियान्वयन कार्यकर्ताओं के माध्यम से होगा ताकि सरकार की योजनाओं की ठीक ढंग से मॉनिटरिंग हो सके और उनका लाभ जनता तक पहुंच सके। उन्होंने कहा कि बूथ की टीम अब सिर्फ चुनाव जीतने वाले टीम नहीं है बल्कि सरकार के काम की मॉनिटरिंग करेगी।

ग्राम केन्द्र को सक्रिय और बूथ को सक्षम बनायेंगे : विष्णुदत्त शर्मा
प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने संबोधित करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश और पूरे देश में जिन्होंने भाजपा के भीतर एक पद्धति का विकास किया, उन ठाकरे जी के जन्मशताब्दी वर्ष को भाजपा मध्यप्रदेश मना रही है। ठाकरे जी ने जिस तरह एक आदर्श संगठन खड़ा किया उन कामों को हम इस जन्मशताब्दी वर्ष में बूथ और मतदान केन्द्र तक ले जायेंगे। इस पूरे वर्ष में संगठन के कार्य विस्तार और सुदृढ़ीकरण को लेकर कार्यक्रम आयोजित होंगे। विभिन्न प्रकल्पों के माध्यम से ग्राम केन्द्र को सक्रिय और बूथ को सक्षम बनाने की दिशा में आगे बढ़ेंगे। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बूथ पर यह अभियान चलेगा। शर्मा ने कहा कि विस्तारक योजना के साथ इस जन्मशताब्दी वर्ष में डिजीटल बूथ बनाने की दिशा में काम होगा। शर्मा ने कहा कि कोरोना संकट में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कार्यकर्ताओं से सेवा ही संगठन का आव्हान किया तो बूथ पर कार्यकर्ताओं ने सेवा प्रकल्प चलाए और कोई भी गरीब भूखा न सोए इस बात की चिंता की।

बूथ कार्यकर्ताओं ने ही दिलायी हर चुनाव में जीत : राकेश सिंह
सम्मेलन में स्वागत भाषण देते हुए सांसद राकेश सिंह ने कहा कि कश्मीर से धारा 370 हटेगी और राम मंदिर निर्माण होगा। ऐसा शायद ही किसी ने सोचा था लेकिन मोदी जी के नेतृत्व में ताकतवर गृह मंत्री अमित शाह जी ने धारा 370 को खत्म कर दिया। उन्होंने कहा कि हमारे पास सक्षम नेतृत्व है इसलिए हमारी जिम्मेदारी भी बड़ी है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर जनता का अथाह विश्वास है। जनता का ऐसा भरोसा और विश्वास जिसके दम पर जनप्रतिनिधि चुनकर आते हों, उस पर हर कार्यकर्ता को गर्व है। उन्होंने कहा कि बूथ कार्यकर्ताओं ने ही हर चुनाव में प्रचंड जीत दिलायी है।

कार्यक्रम में प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव, प्रदेश संगठन महामंत्री सुहास भगत, सह संगठन महामंत्री हितानंद जी, प्रभारी मंत्री गोपाल भार्गव, प्रदेश उपाध्यक्ष सुमित्रा वाल्मीक, प्रदेश महामंत्री सरतेन्दु तिवारी, कार्यक्रम प्रभारी व प्रदेश मंत्री आशीष दुबे, प्रदेश कोषाध्यक्ष अखिलेश जैन, विधायक सुशील इंदु तिवारी, अशोक रोहाणी, अजय विश्नोई, पूर्व विधायक शरद जैन, हरेन्द्र सिंह बब्बू, अंचल सोनकर, प्रतिभा सिंह, स्वाति गोडबोले, प्रभात साहू, मनोरमा पटेल, अभिलाष पाण्डे, जिलाध्यक्ष जीएस ठाकुर, ग्रामीण अध्यक्ष रानू तिवारी मंचासीन थे। (एजेंसी, हि.स.)

Share:

Next Post

सेमसंग जल्‍द लेकर आ रही अपना नया टैबलेट, बड़ी स्क्रीन के साथ मिलेंगी ये खूबियां

Sun Sep 19 , 2021
नई दिल्ली। लंबे समय से खबरें आ रही है कि स्‍मार्टफोन निर्माता कंपनी Samsung अपने अपकमिंग नए टैबलेट पर काम कर रही है। कथित तौर पर Galaxy S22 स्मार्टफोन के साथ Galaxy Tab S8 tablet लॉन्च करने की योजना बना रही है। टिपस्टर आइस यूनिवर्स के मुताबिक, Samsung Galaxy Tab S8 Ultra (एसएम-एक्स906बी) में 120 […]