भोपाल न्यूज़ (Bhopal News)

प्रदेश में फिर से बजा पंचायत चुनाव का बिगुल

  • 63 हजार पंच, 200 सरपंच पद के लिए वोटिंग 5 जनवरी को; चार दिन बाद नतीजें

भोपाल। मध्यप्रदेश में फिर से पंचायत चुनाव का बिगुल बज चुका है। 5 जनवरी को कुल 63 हजार 300 पंच और 200 सरपंचों के लिए वोटिंग होगी। इसके चार दिन बाद नतीजे भी आ जाएंगे। 9 जनपद सदस्यों के लिए भी वोटिंग होगी। 22 दिसंबर तक नामांकन भरे जांएगे।
राज्य निर्वाचन आयोग ने पंचायतों के आम/उप चुनाव वर्ष 2022 उत्तरार्ध के लिए कार्यक्रम घोषित कर दिया। इसके बाद 15 दिसंबर से नाम निर्देशन पत्र भी लिए जाने लगे हैं। इसके साथ ही एक बार फिर गांवों में उप चुनाव का शोर सुनाई देने लगा है। हालांकि, माहौल वैसा नहीं है, जो मुख्य चुनाव के दौरान देखने को मिला था।


मत पत्र और ईवीएम दोनों से होगी वोटिंग
वोटिंग 5 जनवरी 2023 को सुबह 7 से दोपहर 3 बजे तक होगी। पंच पद के लिए मतदान मत पत्र से होगा। वहीं, सरपंच, जनपद पंचायत एवं जिला पंचायत सदस्य के लिए मतदान ईवीएम से होंगे।

ऐसे होगी काउंटिंग
पंच पद के लिए काउंटिंग वोटिंग के तुरंत बाद ही पोलिंग बूथ पर होगी। सरपंच, जनपद सदस्य एवं जिला पंचायत सदस्य की काउंटिंग 9 जनवरी को सुबह 8 बजे से विकासखंड मुख्यालय पर ईवीएम से होगी। सरपंच एवं जनपद पंचायत सदस्य के परिणाम 9 जनवरी को और जिला पंचायत सदस्य के परिणाम 10 जनवरी को घोषित होंगे।

इतने पदों के लिए चुनाव
पंच के 61 हजार 936 पद के लिए उप चुनाव और 1364 पद के लिए आम निर्वाचन होगा। सरपंच के 122 पद के लिए उप निर्वाचन एवं 78 पद के लिए आम निर्वाचन होगा। जनपद पंचायत सदस्य के 9 पद के लिए उप निर्वाचन होगा। संबंधित क्षेत्र में आदर्श आचरण संहिता प्रभावशील हो गई है।

Share:

Next Post

अगली बार 200 के पार का लक्ष्य

Sun Dec 18 , 2022
कटनी में भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के प्रथम सत्र का समापन बूथ कार्य विस्तार योजना के लिए जुटे कार्यकर्ता भोपाल। भाजपा कार्यसमिति की बैठक शनिवार को कटनी में आयोजित की गई। बैठक के बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि बैठक में विधानसभा चुनाव 2023 को लेकर […]