
इंदौर। पूरे शहर में पानी को लेकर हाहाकार मचा हुआ है, लेकिन लोगों की जलापूर्ति की समस्या हल नहीं हो रही है। कल भी दो स्थानों पर पानी को लेकर लोगों का आक्रोश देखने को मिला। वहीं नगर निगम में अटैच प्राइवेट टैंकरों पर कोई लगाम नहीं होने से वे लोगों की बजाय दुकानदारों को पानी देकर पैसा कमा रहे हैं।
नगर निगम लाख दावे कर रहा है कि वह प्राइवेट टैंकरों के माध्यम से लोगों को पानी सप्लाय कर रहा है, लेकिन इन टैंकरों पर मॉनीटरिग के अभाव में ये टैंकर बेलगाम हो गए हैं। अधिकांश वार्ड में पानी सप्लाय की आड़ में ये टैंकर निगम का ही पानी बेच रहे हैं। नगर निगम ने इन पर जीपीएस लगवाया हुआ हे। वार्ड क्रमांक 26 में निगम के दो टैंकरों को अग्रिबाण प्रतिनिधि ने दुकानों में पानी डालते हुए अपने कैमरे में कैद किया।
एक टैंकर प्रतिदिन नेहरू नगर रोड नंबर 9 पर स्थित एक चाइनीज की दुकान पर खुलेआम पानी सप्लाय करता है तो दूसरा टैंकर वार्ड की ही दूसरी दुकानों पर पानी डालते हुए देखा जा सकता है। टैंकर निगम में अटैच करने वाले ठेकेदारों को न तो लोगों के पानी की चिंता है और न ही अधिकारियों का डर। इस कारण भी शहर में जलसंकट बना हुआ है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved