
जबलपुर। नगर निगम के संभाग क्रमांक-6 दमोहनाका अंतर्गत राजीव गांधी वार्ड में सड़क सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में तीन प्रमुख विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया। सोनी धर्मशाला के पीछे स्थित जेडीए गार्डन में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ करीब 1.49 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाली एम-30 ग्रेड सीमेंट कंक्रीट (सीसी) सड़कों की आधारशिला रखी गई।
इनमें रामजानकी गेट से विनायक चौक तक 41 लाख रुपए, जीटी कैम्पस क्षेत्र में 51 लाख रुपए तथा सार्वजनिक प्रसाधन से जेडीए गार्डन मार्ग तक 57 लाख रुपए की लागत से सीसी सड़क का निर्माण शामिल है। कार्यक्रम में महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू ने कहा कि राजीव गांधी वार्ड के विकास को प्राथमिकता दी जा रही है। नई सड़कों के निर्माण से क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा और नागरिकों को लंबे समय से सामने आ रही सड़क संबंधी समस्याओं से राहत मिलेगी। क्षेत्रीय विधायक डॉ. अभिलाष पांडे ने कहा कि सड़कों के निर्माण में एम-30 ग्रेड कंक्रीट की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के साथ तय समय-सीमा का पालन किया जाए। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण से स्थानीय नागरिकों, विद्यार्थियों और राहगीरों को धूल एवं गड्ढों से राहत मिलने के साथ बारिश के दौरान जलभराव की समस्या में भी कमी आएगी। भूमिपूजन कार्यक्रम में पूर्व एमआईसी सदस्य श्रीराम शुक्ला, पार्षद मधुबाला राजपूत, चंद्रशेखर आजाद मंडल अध्यक्ष पुष्पराज पांडे सहित जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में वार्डवासी मौजूद रहे।