आचंलिक

शा.महाविद्यालय में आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर एवं वार्षिकोत्सव पुरस्कार वितरण हुआ

महिदपुर। शासकीय महाविद्यालय महिदपुर में क्रीड़ा विभाग के द्वारा आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ की सहमति से 15 दिवसीय आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर का आयोजन हो रहा है। इसमें महाविद्यालय की छात्राऐं और महिला स्टाफ विशेषज्ञ प्रशिक्षकों से जूडो-कराते का प्रशिक्षण प्राप्त कर आत्मरक्षा के लिये आत्मनिर्भर होंगी। इस 15 दिवसीय आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ 4 मार्च को महाविद्यालय के विवेकानंद सभागार में हुआ। शुभारम्भ कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अश्विनी शोध संस्थान महिदपुर के प्रमुख डॉ. आर.सी. ठाकुर थे। विशेष अतिथि के रूप में शासकीय महाविद्यालय झारडा की क्रीड़ा अधिकारी व आत्मरक्षा प्रशिक्षक कंचन दुबे एवं महिदपुर की जूड़ो- कराते विशेषज्ञ पल्लवी जोशी उपस्थित थी। श्री ठाकुर ने अपने उद्बोधन में महिदपुर की वीरांगनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि आत्मरक्षा के लिए छात्राओं में साहस, शौर्य जैसे गुणों का होना अति आवश्यक है। इसके लिए उन्हें इन महान वीरांगनाओं से अवश्य ही प्रेरणा लेना चाहिए। श्रीमती दुबे ने कहा कि आत्मरक्षा के लिये तैयार होना है तो शारीरिक के साथ मानसिक रूप से भी तैयार होना होगा। सुश्री जोशी ने कहा कि यदि आत्मरक्षा के गुर सीखना है तो सबसे पहले छात्राओं को अपने मन से सभी प्रकार के डर को हमेशा के लिए निकाल देना चाहिए। हमेशा विपरीत परिस्थितियों का सामना साहस और आत्मविश्वास के साथ करना चाहिए। स्वागत भाषण देते हुए महाविद्यालय के प्राध्यापक डॉ. पी. एस. पटेल ने मोबाइल को आत्मरक्षा में सहायक बताते हुए कहा कि मोबाइल में बहुत सारे ऐसे फीचर हैं, जिनका उपयोग आत्मरक्षा में छात्राएं कर सकती हैं। भूगोल विषय के प्राध्यापक एवं एनसीसी अधिकारी डॉ. प्रभाकर मिश्र ने आत्मरक्षा प्रशिक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आत्मरक्षा के लिये बेहतर प्रशिक्षण प्राप्त करना तो जरूरी है ही, साथ ही अपने आत्मबल को भी प्रबल बनाएं। इस अवसर पर कंचन दुबे ने छात्राओं को पंच मारना, अटैक करना, ब्लॉकिंग करना, किक मारना आदि आत्मरक्षा के गुर सिखाए। कार्यक्रम के संयोजक महाविद्यालय के क्रीड़ा अधिकारी चंद्रशेखर सिंह ने भी कार्यक्रम के उद्देश्य को रेखांकित करते हुए छात्राओं को आत्मरक्षा प्रशिक्षण के लिए मानसिक रूप से तैयार होने की बात कही। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य डॉ. आशा सक्सेना ने की। कार्यक्रम का संचालन व आभार प्रदर्शन डॉ. प्रज्ञा शर्मा ने किया।


वार्षिकोत्सव की प्रतिभाओं को मिले पुरस्कार
महाविद्यालय में विगत कई दिनों से युवा उत्सव एवं साहित्यिक- सांस्कृतिक समिति के तत्वावधान में वार्षिकोत्सव के अन्तर्गत विभिन्न कला, सांस्कृतिक तथा साहित्यिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा था। इसी अवसर पर इन प्रतियोगिता के विजेता छात्र-छात्राओं को पुरस्कार प्रदान कर प्रोत्साहित भी किया गया। पुरस्कार वितरण समारोह में अतिथि के रूप में उपस्थित डॉ. आर.सी. ठाकुर, कंचन दुबे एवं पल्लवी जोशी ने किया। अतिथियों ने विद्यार्थियों की प्रतिभा की सराहना करते हुए उन्हें इसी तरह विभिन्न गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लेने हेतु प्रेरित भी किया। इस पुरस्कार वितरण समारोह का संचालन व आभार प्रदर्शन वार्षिकोत्सव की संयोजक डॉ. रीना अध्वर्यु ने किया। इस अवसर पर डॉ. नैना तिवारी, डॉ. शैलेंद्र सेंगर, डॉ. रविंद्र नागदेव, नानूराम मुवेल, सुश्री हुमेरा खान, श्रीमती राधा वर्मा आदि सहित समस्त स्टाफ सदस्य एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Share:

Next Post

21 जोड़ों का हुआ निकाह

Mon Mar 6 , 2023
अखिल भारतीय मंसूरी समाज के सामूहिक निकाह आयोजन में खेड़ाखजुरिया। घोसला में अखिल भारतीय मंसूरी समाज द्वारा सामूहिक निकाह का आयोजन किया गया जिसमें 21 जोड़ों का निकाह हुआ। देशभर से आए मंसूरी समाज के लोगों ने कार्यक्रम में शिरकत की। अखिल भारतीय मंसूरी समाज के जिला अध्यक्ष एवं घोंसला के पूर्व सरपंच अब्दुल मजीद […]