
इंदौर। इंदौर के एरोड्रम थाना क्षेत्र में 29 अक्टूबर को मिले अज्ञात शव के मामले में पुलिस ने हत्या का खुलासा किया है। मृतक की पहचान सागर जिले के मकरोनिया निवासी संजय कुर्मी के रूप में हुई है। हत्या का आरोप मृतक के सगे मामा सुमित कुर्मी पर है। पुलिस के मुताबिक, दोनों के बीच शराब पीने के दौरान विवाद हुआ था, जिसके बाद मामा ने लोहे की रॉड से पीट-पीटकर भांजे की हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने शव को ऑटो में रखकर खाली मैदान में फेंक दिया था।
दरअसल, 29 अक्टूबर को एरोड्रम थाना क्षेत्र के एक खाली मैदान में युवक का शव मिला था। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और जांच के आधार पर मृतक की पहचान संजय कुर्मी के रूप में की। संजय इंदौर में काम सीखने आया था और अपने मामा सुमित के साथ पालाखेड़ी में रह रहा था। पूछताछ में आरोपी ने हत्या करना कबूल किया। पुलिस के अनुसार, घटना के दिन दोनों साथ बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हुआ और गुस्से में आकर सुमित ने लोहे की रॉड से संजय पर कई वार कर दिए। हत्या के बाद शव को ऑटो में रखकर एरोड्रम क्षेत्र में फेंक दिया। फिलहाल पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर वारदात स्थल और घटनाक्रम से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved