लखनऊ। उत्तर प्रदेश में अलग-अलग जिलों में हुए सड़क हादसों में कई लोगों की मौत हो गई, जबकि दर्जनों लोग घायल हो गए। लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे (Lucknow-Agra Expressway) पर राजस्थान (Rajasthan) से बिहार जा रही एक बस अनियंत्रित होकर खाई में पलट गई। हादसे में तीन यात्रियों की मौत हो गई और 41 लोग घायल हो गए। सात घायलों को प्रयागराज रेफर किया गया है। इसके अलावा शाहजहांपुर, मुजफ्फरनगर, जालौन, सुल्तानपुर और सहारनपुर में भी सड़क हादसों में लोगों की जान गई है।
राजधानी लखनऊ में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे के जीरो प्वाइंट के पास सुबह करीब छह बजे राजस्थान के ब्यावर से बिहार के छपरा जा रही बस अनियंत्रित होकर खाई में पलट गई। हादसे में तीन यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 41 लोग घायल हो गए। मृतकों में छपरा निवासी शंकर रजक (63) और शामली राय (43) शामिल हैं। तीसरे मृतक करीब 35 वर्षीय युवक की पहचान की जा रही है। उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने बताया कि घायलों के समुचित उपचार की व्यवस्था की गई है।
वहीं, लखनऊ के मानकनगर में देव अस्पताल के पास तेज रफ्तार चार पहिया वाहन ने दोपहिया वाहन को टक्कर मार दी। हादसे में दीपांशु रावत (22) की मौत हो गई, जबकि एक किशोर घायल हो गया।
लगातार हो रहे सड़क हादसों को गंभीरता से लेते हुए उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव, परिवहन आयुक्त, उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (UPEIDA) के सीईओ और उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (UPSRTC) के एमडी को पत्र लिखा है। उन्होंने एक्सप्रेसवे पर गति सीमा का सख्ती से पालन कराने, चालकों की नियमित काउंसलिंग और शराब एवं नशीले पदार्थों के सेवन की जांच के लिए प्रवेश से पहले स्वास्थ्य परीक्षण अनिवार्य करने संबंधी नीति बनाने की मांग की है।
शाहजहांपुर में गंगा एक्सप्रेसवे पर बस से उतरकर शीशे की जांच कर रहे चालक विपिन यादव (50) और परिचालक कौशल (35) को अज्ञात ट्रक ने कुचल दिया। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
मुजफ्फरनगर और जालौन में भी गई जान
मुजफ्फरनगर में संजक गांव के पास उत्तर प्रदेश रोडवेज की बस ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में मोनीश (15) की मौत हो गई। वहीं, जालौन के मढ़ौगढ़ थाना क्षेत्र के महोई गांव के पास कार और बाइक की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। इसमें नृपेंद्र सिंह (32), पार्थ (17) और चार वर्षीय मानवी की मौत हो गई।
इसके अलावा सुल्तानपुर में सफारी वाहन की टक्कर से बाइक सवार आलोक उपाध्याय (18) की मौत हो गई। सहारनपुर के देवबंद में एक अनियंत्रित कार ने तीन बाइकों को टक्कर मार दी। हादसे में अश्वनी (32) की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग घायल हो गए।
मुख्यमंत्री योगी ने जताया शोक
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के विभिन्न जिलों में हुए सड़क हादसों में हुई जनहानि पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने अधिकारियों को घायलों के समुचित उपचार और मृतकों के परिजनों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved