img-fluid

शिवराज के सामने नई मुश्किलें, कैसे निपटेंगे कृषि मंत्री? अपने ही उठा रहे सवाल

December 05, 2024

भोपाल। केंद्रीय मंत्री और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान (Shivraj Singh Chouhan) की छवि एक ऐसे नेता की रही है, जो किसानों के मुद्दों पर सक्रिय रहे हैं। लेकिन, अब जब किसान आंदोलन (Farmers movement) और उनके अधिकारों के सवाल उठ रहे हैं, तो केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान को अपनों और विपक्ष दोनों से आलोचना का सामना करना पड़ रहा है।

उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने मुंबई में एक कार्यक्रम के दौरान किसानों के मुद्दे पर सवाल उठाए और कृषि मंत्री से इस बारे में जवाब मांगा। उन्होंने कहा कि किसानों को उनके उत्पादों का उचित मूल्य क्यों नहीं मिल रहा है? यह गंभीर मुद्दा है, जिसे हल्के में नहीं लिया जा सकता।

उपराष्ट्रपति का यह बयान ऐसे समय में आया है, जब दिल्ली में किसान आंदोलन के लिए जुट रहे हैं। ऐसे में शिवराज सिंह चौहान को कृषि मंत्री के रूप में सवालों का सामना करना पड़ रहा है। उनका कार्यकाल मध्य प्रदेश में किसान आंदोलनों से जुड़ा रहा है, जिनमें 2017 का मंदसौर आंदोलन प्रमुख था, जब पुलिस कार्रवाई में 6 किसानों की जान चली गई थी। इसके डैमेज कंट्रोल के लिए तत्कालीन शिवराज सरकार ने किसानों के परिवारों के लिए मुआवजे और नौकरियों का एलान किया। इस आंदोलन के बाद मध्य प्रदेश में हुए विधानसभा चुनाव में मंदसौर क्षेत्र में भाजपा को कोई नुकसान नहीं हुआ था।

उपराष्ट्रपति के बयान के बाद कांग्रेस ने भी शिवराज सिंह चौहान को घेरना शुरू कर दिया है। मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि शिवराज सिंह चौहान झूठ बोलने वाले सबसे बड़े नेताओं में से एक हैं। वे किसानों से किए गए वादों को निभाने में नाकाम रहे हैं। पटवारी ने यह भी आरोप लगाया कि चौहान ने संसद में बयान दिया था कि प्रधानमंत्री मोदी की सरकार किसानों को लागत से डबल समर्थन मूल्य देती है, जबकि उनका दावा उपराष्ट्रपति के बयान से उलट है। पटवारी ने कहा कि अब या तो उपराष्ट्रपति की भावना ठीक नहीं थी या केंद्रीय मंत्री ने शिवराज सिंह चौहान ने संसद में झूठ बोला।


इसके अलावा, हाल ही में झारखंड विधानसभा चुनाव में भाजपा की हार और शिवराज सिंह चौहान द्वारा बुधनी सीट पर पार्टी के संघर्ष ने उनकी राजनीतिक छवि को चुनौती दी है। जानकारों का कहना है कि झारखंड़ में चुनाव में हार के फैक्टर अलग थे। वहीं, बुधनी की जनता शिवराज को चाहती है और शिवराज के बराबर वोट भाजपा के किसी भी उम्मीदवार को नहीं मिलने थे। हालांकि, उन्होंने लाडली बहना योजना जैसी पहल के जरिए 2023 के मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में भाजपा को बड़ी जीत दिलाई, लेकिन अब किसान मुद्दे पर उनके खिलाफ सवाल खड़े हो रहे हैं। ऐसे में शिवराज सिंह चौहान के लिए यह महत्वपूर्ण होगा कि वे किसानों की समस्याओं का समाधान जल्द से जल्द करें, ताकि विपक्ष को जवाब दिया जा सके।

मध्य प्रदेश के वरिष्ठ पत्रकार प्रभु पटैरिया ने कहा कि उपराष्ट्रपति जगदीप कृषि पृष्ठभूमि से आते हैं। उनकी किसान संगठनों के प्रतिनिधियों से मुलाकात होती रहती है, जिसका उल्लेख उन्होंने किया है। उसी दिन किसान दिल्ली आ रहे थे। यही वजह है कि उन्होंने पिछली सरकार के किसानों से किए वादों को लेकर सवाल किया, हालांकि, तब शिवराज सिंह केंद्रीय कृषि मंत्री नहीं थे।

उपराष्ट्रपति के पूरे भाषणा को सुना जाए तो उन्होंने शिवराज सिंह चौहान से उम्मीद जताई है कि किसानों की समस्याओं का निराकरण गंभीरता से होगा। शिवराज सिंह चौहान किसान परिवार से आते हैं और अच्छी बात है कि देश को ऐसा कृषि मंत्री मिला है। पटैरिया ने कहा कि कृषि मंत्री किसानों की आय बढ़ाने को लेकर काम करते दिख रहे हैं। उन्होंने हर मंगलवार को किसानों से मिलने का दिन तय किया है। वे किसान पंचायत लगा रहे हैं। इन सब प्रयासों से किसानों को साधने का प्रयास कर रहे हैं। इससे लगता है कि शिवराज वर्तमान चुनौतियों से भी पार पा जाएंगे।

Share:

लाडली बहन योजना में बढ़ाए जाएंगे इतने रुपए, शपथ लेते ही फडणवीस का बड़ा ऐलान

Thu Dec 5 , 2024
मुंबई। लाडली बहन योजना (Ladli Behan Scheme) में अब महाराष्ट्र में 1500 रुपये से बढ़ाकर 2100 रुपये दिए जाने की योजना है। अगले बजट सत्र में इस पर चर्चा होगी। महाराष्ट्र के सीएम पद की शपथ लेने के बाद देवेंद्र फडणवीस (Devendra Fadnavis) ने ये बड़ा ऐलान किया है। दरअसल, नई सरकार की शपथ के […]
सम्बंधित ख़बरें
खरी-खरी
गुरुवार का राशिफल
मनोरंजन
अभी-अभी
Archives

©2025 Agnibaan , All Rights Reserved