इंदौर न्यूज़ (Indore News) मध्‍यप्रदेश

यात्रियों की कमी : आज भी इंदौर से 16 से ज्यादा उड़ानें निरस्त करना पड़ीं

  • अहमदाबाद, चेन्नई, जयपुर, लखनऊ, प्रयागराज, बैंगलुरु, दिल्ली, मुंबई की उड़ानें निरस्त
इंदौर । देश में कोरोना के डर के कारण एयरलाइंस यात्रियों की कमी से जूझ रही हैं। यात्रियों की कमी के कारण आज फिर इंदौर से जाने और आने वाली 16 से ज्यादा उड़ानों को निरस्त किया गया है। यह सिलसिला पिछले 15 दिनों से लगातार जारी है।
विमानतल से मिली जानकारी के मुताबिक आज निरस्त उड़ानों में इंडिगो और एयर इंडिया की उड़ानें शामिल हैं। ये उड़ानें इंदौर से अहमदाबाद, चेन्नई, जयपुर, लखनऊ, प्रयागराज, बैंगलुरु, दिल्ली और मुंबई के बीच संचालित होती हंै। कंपनियों द्वारा लगातार इन उड़ानों को निरस्त किया जा रहा है। पिछले करीब 15 दिनों से रोजाना इंदौर से 10 से ज्यादा उड़ानें निरस्त हो रही हैं। इसका कारण यात्रियों की कमी बताया जा रहा है, जो कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच बढ़ती सख्ती के कारण कम हो गए हैं। यात्रियों की कमी से होने वाले नुकसान से बचने के लिए एयरलाइंस उड़ानों को निरस्त करने पर मजबूर हैं। अगर जल्द ही स्थिति नहीं सुधरती है तो कई उड़ानों को स्थायी तौर पर बंद भी किया जा सकता है। आज निरस्त हुई उड़ानों के कारण इनमें बुकिंग करवा चुके यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। ज्यादातर उड़ानों के दूसरे विकल्प भी नहीं थे। ऐसे में एयरलाइंस ने यात्रियों को रिफंड और रीबुकिंग का विकल्प दिया।

दिल्ली में गणतंत्र तैयारियों के चलते रनवे बंद… इंदौर से जाने वाली उड़ानें भी होंगी प्रभावित
दिल्ली में गणतंत्र दिवस पर होने वाले एयर शो की तैयारियों के चलते दिल्ली एयरपोर्ट के रनवे 26 जनवरी तक रोजाना कुछ घंटों के लिए बंद रहेंगे। इसके चलते इंदौर से दिल्ली के बीच संचालित होने वाली उड़ानें भी प्रभावित रहेंगी। दिल्ली में हर साल 26 जनवरी पर परेड के समय वायुसेना द्वारा एयर शो प्रदर्शित किया जाता है, जिसमें सेना के प्रमुख विमानों के साथ ही अन्य विमानों से करतब भी दिखाए जाते हैं। इस साल होने वाले इस आयोजन के लिए भी तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। इसकी प्रैक्टिस के लिए दिल्ली एयरपोर्ट प्रबंधन ने 20 से 26 जनवरी के बीच रनवे कुछ घंटे बंद होने की सूचना भी जारी की है। इसके मुताबिक एयरलाइंस ने अपनी उड़ानों के समय में बदलाव के साथ ही कुछ उड़ानों को निरस्त भी किया है। रनवे आज सुबह 10.45 बजे से दोपहर 12.45 बजे तक और कल से 26 जनवरी तक सुबह 11.15 बजे से दोपहर 12.45 बजे तक बंद रहेगा। इस दौरान यहां से उड़ानों का संचालन नहीं होगा। इसे देखते हुए इंदौर से दिल्ली के बीच संचालित होने वाली एयर इंडिया की सुबह की दिल्ली-इंदौर-मुंबई उड़ान को निरस्त किया गया है। वहीं इंडिगो ने भी इस दौरान संचालित होने वाली उड़ानों को निरस्त और रीशेड्यूल किया है। कंपनी अधिकारियों ने बताया कि इसकी जानकारी यात्रियों की दे दी गई है।
Share:

Next Post

दिल्ली आजाद, वीकेंड कफ्र्यू खत्म

Fri Jan 21 , 2022
नई दिल्ली। दिल्ली सरकार ने राजधानी में अब वीकेंड कफ्र्यू खत्म करने का ऐलान कर दिया है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कई पाबंदियों को खत्म करने का प्रस्ताव एलजी को भेज दिया। इस फैसले से अब वीकेंड कफ्र्यू के साथ ही दुकानों के लिए ऑड-ईवन सिस्टम भी समाप्त हो जाएगा। वहीं निजी दफ्तर भी 50 […]