बड़ी खबर भोपाल न्यूज़ (Bhopal News) मध्‍यप्रदेश

गंजबासौदा कुआं हादसे में अब तक 10 की मौत, रेस्क्यू जारी

विदिशा। विदिशा जिले के गंजबासौदा थाना क्षेत्र (Ganjbasoda police station area of ​​Vidisha district) के लाल पठार गांव में कुआं धंसने से हुए बड़े हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 10 हो गई है। अब केवल एक 10 साल का बच्चा लापता है। उसकी तलाश की जा रही है। अभी राहत एवं बचाव कार्य जारी है। एडीजीपी साईं मनोहर ने 10 शव निकाले जाने की पुष्टि की है।



बता दें कि घटनास्थल पर तीन पोकलेन मशीन मलबे को निकालने में लगी हुई है। प्रदेश के दो मंत्री विश्वास सारंग और गोविन्द सिंह राजपूत मौके पर मौजूद है जो पल-पल की अपडेट के साथ मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को सूचना दे रहे हैं। रेस्क्यू ऑपरेशन को 24 घंटे पूरे हो चुके हैं।

इस संबंध में कलेक्टर डॉ. पंकज जैन का कहना है कि शुक्रवार रात दस बजे तक कुल 10 लोगों के शव निकाले जा चुके हैं। इनमें दो शव रात 2 बजे, तीसरा शव रात 3:30 बजे, चौथा शव शुक्रवार सुबह 6 बजे, पांचवां शव दोपहर 3:30 बजे, छठवां शव शाम 7 बजे, आठवां व नौवां शव शाम 7:30 बजे और 10वां शव रात 10 बजे कुएं से निकाला गया। अभी एक बच्चा लापता है। उसकी तलाश जारी है।

अब तक जिन लोगों के शव बरामद हुए हैं, उनमें संदीप (18) पुत्र अखिलेश खंगार, शुभम (18) पुत्र सुनील बाल्मीकि, सुनील (40) पुत्र सुभान बाल्मीकि, विक्की नाथ (25) पुत्र शिव नाथ, दीनू (26) पुत्र धन सिंह परिहार, नरेश (35) पुत्र रतिराम नाथ, गोविन्द (32) पुत्र करण सिंह कुशवाह, 40 वर्षीय नारायण कुशवाह, पवन (18) पुत्र बालकिशन लोधी और 15 वर्षीय कृष्ण गोपाल (बिट्टू) शामिल हैं। वहीं, 10 वर्षीय रवि पुत्र उमकार अहिरवार अभी लापता है।

लापता रवि अहिरवार वही बच्चा है, जिसके कुएं में गिरने की खबर के बाद ग्रामीणों की भीड़ कुएं पर जुटी थी और कुएं की बाउड्री वाल टूटने से यह हादसा हुआ था। कुएं में 30 से अधिक लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है।

एडीजीपी साईं मनोहर ने बताया कि गुरुवार देर रात रवि कुएं में गिर गया था। उसे बचाने के लिए कुएं पर लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई। वजन बढ़ने से कुएं का एक हिस्सा धंस गया। इसके साथ ही करीब 30 से अधिक लोग मलबे समेत कुएं में गिर गए। इनमें से 20 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है, जबकि शुक्रवार रात 10 बजे तक 10 लोगों के शव बरामद हो चुके हैं।

 

Share:

Next Post

हज सब्सिडी खत्म होने के बावजूद हज यात्रियों पर नहीं पड़ा गैर-जरूरी आर्थिक बोझः नकवी

Sat Jul 17 , 2021
नई दिल्ली। केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि भारत में 100 प्रतिशत डिजिटल, ऑनलाइन हज व्यवस्था के कारण हज सब्सिडी के खत्म होने के बावजूद भारतीय हज यात्रियों पर गैर-जरूरी आर्थिक बोझ नहीं पड़ा है। नकवी ने शुक्रवार को जेद्दा (सऊदी अरब) में कॉन्सुलेट जनरल ऑफ इंडिया की ओर से आयोजित […]