इंदौर न्यूज़ (Indore News)

प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक शुरू, संगठन को मजबूत करने पर होगी चर्चा


महापौर और पार्षद की चयन प्रक्रिया तय होगी आज की बैठक में
इन्दौर। शहर से 10 किलोमीटर दूर क्रिसेन्ट पार्क में आज भाजपा के प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक शुरू हुई। बैठक का शुभारंभ मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान, प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव और प्रदेश संगठन महामंत्री सुहास भगत ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। बैठक में संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ अन्य विषयों पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा। वहीं 2023 के विधानसभा चुनाव के पहले नगरीय निकाय चुनाव में पार्टी को कैसे मजबूत किया जाए, इसको लेकर भी सत्र होंगे।
भाजपा की प्रदेश स्तर की बैठक में केवल प्रदेश पदाधिकारियों, मोर्चा अध्यक्षों और राष्ट्रीय स्तर के पदाधिकारियों, जो मध्यप्रदेश में रहते हैं, को ही बुलाया गया है। इंदौर से इस बैठक में महामंत्री कविता पाटीदार और उपाध्यक्ष जीतू जिराती ही शामिल होंगे। बैठक का शुभारंभ आज सुबह पौने 11 बजे हुआ, जबकि 10 बजे शुभारंभ सत्र तय किया गया था, लेकिन मुख्यमंत्री के भोपाल से ही देरी से निकलने के कारण शुभारंभ सत्र लेट हो गया। मुख्यमंत्री हैलीपेड पर ही शहर के गणमान्य नागरिकों से मिले और उसके बाद बैठक स्थल पर पहुंचे, जहां संगठन मंत्री जयपालसिंह चावड़ा, नगर अध्यक्ष गौरव रणदिवे और जिलाध्यक्ष राजेश सोनकर ने उनका स्वागत किया। मुख्यमंत्री सीधे बैठक हॉल में पहुंचे और प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव, प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा के साथ दीप प्रज्ज्वलित कर बैठक का शुभारंभ किया। शुभारंभ सत्र में ही मीडिया को कवरेज करने की अनुमति दी गई, उसके बाद मीडिया को बाहर कर दिया गया। पहले सत्र में औपचारिक परिचय के साथ-साथ दिनभर चलने वाले सत्रों की रूपरेखा रखी जाएगी। इसमें अलग-अलग सत्र होंगे, जिनमें अलग-अलग वक्ता होंगे।


बैठक में किन मुद्दों पर चर्चा होगी इसकी जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है, लेकिन मुख्य उद्देश्य संगठन को मजबूत करना है। 2023 में होने वाले विधानसभा चुनाव में पार्टी को मजबूती प्रदान करने और नगरीय निकाय चुनाव किस तरह लड़ा जाए, इसको लेकर भी चर्चा होगी। इसके साथ ही प्रदेश प्रभारी राव सोशल मीडिया की कार्यशाला को भी संबोधित करने वाले हैं। इसमें वे सोशल मीडिया की बारीकी और नई तकनीक के बारे में बताएंगे।
प्रदेश प्रभारी ने महामंत्रियों से प्रक्रिया बनाकर देने को कहा, आज बैठक में होगा विचार-विमर्श
भाजपा की प्रदेश स्तरीय पदाधिकारियों की बैठक में आज मूल विषय आने वाले नगरीय निकाय चुनावों पर चर्चा होना है। कल प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव ने इसके संकेत दिए और कहा कि उन्होंने प्रदेश के पांचों महामंत्रियों से महापौर और पार्षद के नामों की चयन प्रक्रिया बनाने के लिए कहा था। उस पर आज चर्चा की जाएगी।


टीम वीडी शर्मा की यह पहली औपचारिक बैठक है। इसके पहले शर्मा भोपाल में सभी पदाधिकारियों को बुलाकर परिचय बैठक कर चुके हैं, लेकिन संगठन के लिहाज से यह पहली बैठक है, जो इंदौर में आयोजित की गई है। चूंकि नगरीय निकाय चुनाव सिर पर है और माना जा रहा है कि मार्च में इसको लेकर आचार संहिता लगने वाली है तो फरवरी में ही भाजपा पार्षद और महापौर के प्रत्याशियों की चयन प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। बैठक के लिए कल ही प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव इंदौर आ गए थे। दिनभर उन्होंने अलग-अलग नेताओं से मुलाकात की और देवस्थानों के दर्शन भी किए। भाजपा के सूत्रों का कहना है कि इसके लिए प्रदेश के पांचों महामंत्रियों से पहले ही कह दिया था कि प्रदेश में पार्षद और महापौर के लिए चयन का आधार और उसकी प्रक्रिया की तैयारी करके एक रिपोर्ट बनाएं। इस रिपोर्ट पर आज की बैठक में विचार-विमर्श होगा। जिस तरह कांग्रेस नगरीय निकाय चुनावों को 2023 के सेमीफाइनल के रूप में लडऩे की तैयारी कर रही है, उसको देखते हुए भाजपा संगठन भी किसी तरह का कोई जोखिम लेना नहीं चाहता और सभी सीटों पर भाजपा का झंडा गाडऩा चाहता है। आज जो सत्र रखे गए हैं उसमें एक सत्र इसी पर रखा गया है। सूत्रों का कहना है कि बैठक में प्रभारी और सहप्रभारियों के बीच संभागों का विभाजन किया जा सकता है। कार्यविभाजन की दृष्टि से सहप्रभारी पंकजा मुंडे को मालवा-निमाड़ क्षेत्र के संभागों का प्रभारी बनाया जा सकता है तो सहप्रभारी बिस्वेस्वर टुडू को भी कुछ संभाग दिए जा सकते हैं। बाकी संभागों में स्वयं मुरलीधर राव प्रभारी हो सकते हैं। वहीं प्रदेश पदाधिकारियों को भी एक-एक जिले की जवाबदारी दी जा सकती है। आज दोपहर में प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा और प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव बैठक के संबंध में मीडिया को जानकारी देंगे।

Share:

Next Post

आज भी नहीं बदले पेट्रोल-डीजल के दाम, जानिए कीमत

Sun Jan 31 , 2021
नई दिल्ली। सरकारी तेल कंपनियों की ओर से आज भी डीजल और पेट्रोल की कीमतों में कोई बढ़ोतरी नहीं हुई है। लगातार चौथे दिन पेट्रोल और डीजल का दाम स्थिर है। इससे उपभोक्ताओं को काफी राहत मिली है। प्रतिदिन सुबह छह बजे पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बदलाव होता है। सुबह छह बजे से ही नई […]