खेल देश भोपाल न्यूज़ (Bhopal News) मध्‍यप्रदेश

मप्र में 24 अगस्त से चलाया जाएगा प्रतिभा चयन कार्यक्रमः खेल संचालक

भोपाल। खेल और युवा कल्याण संचालक पवन जैन ने कहा है कि मध्य प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को तलाशने के लिए पूरे प्रदेश में प्रतिभा चयन कार्यक्रम (टेलेंट सर्च) अभियान के रूप में चलाया जाएगा। वे शनिवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग में अधिकारियों को संबोधित कर रहे थे।

दरअसल, टैलेंट सर्च के संबंध में शनिवार को टी.टी. नगर स्टेडियम के सभागार में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग आयोजित की गई, जिसमें खेल संचालक जैन ने प्रतिभा चयन कार्यक्रम के संबंध में अधिकारियों को जरुरी दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान आदिम जाति विभाग की डिप्टी कमिश्नर रीता सिंह, स्कूल शिक्षा विभाग के उप संचालक आलोक खरे और संयुक्त संचालक डॉ. विनोद प्रधान ने भी अधिकारियों का मार्गदर्शन किया। वीडियो कांफ्रेंस में प्रदेश के सभी जिला खेल अधिकारी, स्कूल शिक्षा और आदिम जाति विभाग के अधिकारी शामिल हुए।

खेल प्रतिभाओं को खोजने के लिए प्रदेश में व्यापक अभियान

खेल संचालक पवन जैन ने बताया कि शहरों के साथ ही ग्रामीण और कस्बाई इलाकों में भविष्य की खेल प्रतिभाओं को तलाशकर तराशने के लिए मध्यप्रदेश में ‘‘टेलेंट सर्च 2021’’ नाम से व्यापक अभियान प्रारंभ किया गया है। इसके तहत कम से कम 2,500 बालक-बालिकाओं का चयन कर उन्हें अत्याधुनिक संसाधनों और प्रशिक्षकों की मौजूदगी में खेल विभाग द्वारा संचालित अकादमियों में प्रशिक्षण दिया जाएगा।


अभियान के तहत चयनित खिलाड़ी लगभग 80 प्रतिशत राज्य के और शेष 20 प्रतिशत अन्य राज्यों के होंगे। अन्य राज्यों के खिलाड़ियों का चयन वरीयता (मेरिट) के आधार भी किया जाता है। इस अभियान में खेल एवं युवा कल्याण विभाग, स्कूल शिक्षा विभाग और आदिम जाति कल्याण विभाग की मदद से कार्य कर रहा है। अभियान के तहत 18 खेलों में श्रेष्ठ प्रशिक्षण के जरिए भविष्य के खेल सितारे तैयार करने के लिए 12 से 18 वर्ष आयु वर्ग के बालक-बालिकाओं का चयन सभी 52 जिलों से किया जाएगा। विशेष उपलब्धि हासिल करने के मामलों में खिलाड़ियों की उम्र 18 वर्ष से अधिक की भी हो सकती है।

खेल संचालक ने बताया कि प्रतिभा चयन कार्यक्रम के तहत पंजीयन (रजिस्ट्रेशन) का कार्य 09 अगस्त को प्रारंभ हुआ है, जो 21 अगस्त तक चलेगा। पंजीयन ऑनलाइन किया जा रहा है, लेकिन विशेष मामलों में ऑफलाइन भी किया जा सकेगा। प्रतिभावान खिलाड़ी एथलेटिक्स, शूटिंग, वॉटर स्पोर्ट्स (कयाकिंग-केनोइंग, रोइंग, सेलिंग, स्लालॉम), कराते, फेंसिंग, बॉक्सिंग, कुश्ती, ताइक्वांडो, जूडो, घुड़सवारी, पुरुष हॉकी, ट्रायथलान, महिला हॉकी, बेडमिंटन, तीरंदाजी, पुरुष क्रिकेट, योग और मलखंभ में अपना भविष्य बनाने के लिए इस अभियान में शामिल हो सकेंगे। चयन की प्रक्रिया निर्धारित मापदंडों के अनुरूप और कोविड संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए की जा रही है। पंजीयन के बाद 24 अगस्त से चयन प्रक्रिया शुरू होगी और यह जिला, संभाग और फिर राज्य स्तर पर होेगी। माना जा रहा है कि कोरोना की तीसरी लहर संबंधी कोई समस्या नहीं आयी, तो पूरी प्रक्रिया 15 सितंबर तक पूरी कर ली जाएगी। अभियान के तहत अब तक 14 हजार पंजीयन हो चुके हैं और माना जा रहा है कि यह संख्या 50 हजार तक पहुंच जाएगी।

खेल संचालक ने खेलों में कैरियर का उल्लेख करते हुए बताया कि विक्रम पुरस्कार प्राप्त खिलाड़ियों को शासकीय सेवा में नियुक्ति प्रदान की जाती है। उन्होंने कहा कि हाल ही में संपन्न टोक्यो ओलंपिक खेलों में मध्यप्रदेश की हॉकी अकादमी से जुड़े दो खिलाड़ी विवेक सागर और नीलाकांता तथा महिला हॉकी में पांच खिलाड़ियों के अलावा शूटिंग में भी इस राज्य के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय टीम का प्रतिनिधित्व कर शानदार प्रदर्शन किया है। मध्य प्रदेश निवासी विवेक सागर को तो राज्य सरकार ने एक करोड़ रुपयों की धनराशि के अलावा उप पुलिस अधीक्षक (डीएसपी) पद पर पदस्थ किया है। महिला हॉकी राष्ट्रीय टीम की सदस्यों को भी 31-31 लाख रुपए देने का ऐलान किया है।

जैन ने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने हाल ही में निर्देश दिए हैं कि राज्य में खेल प्रतिभाओं को तलाशने और तराशने का कार्य और बेहतर ढंग से किया जाए। राज्य सरकार इस कार्य में धन और संसाधनों की कमी आड़े नहीं आने देगी। इसके मद्देनजर खेल एवं युवा कल्याण विभाग प्रतिभाओं को तलाशने पर और विशेष ध्यान देकर कार्य कर रहा है। इस अभियान के तहत कम से कम 2500 खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा और उन्हें अनेक सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। (एजेंसी, हि.स.)

Share:

Next Post

आजादी का अमृत महोत्सव : पहली बार लाल किले पर वायुसेना करेगी फूलों की बारिश

Sun Aug 15 , 2021
– प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी लाल किला की प्राचीर पर राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे, राष्ट्र को करेंगे संबोधित नई दिल्ली। पूरा राष्ट्र विदेशी शासन से स्वतंत्रता प्राप्ति के 75वें वर्ष (75th year of independence) पर ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ (‘Azadi’s nectar festival’) मना रहा है। पूरा देश देशभक्ति की भावना में डूबा हुआ है। इस अवसर पर […]