
- काम में लापरवाही बरतने पर निगमायुक्त सख्त
जबलपुर। निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने निगम के सभी विभागीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। समीक्षा बैठक में निगमायुक्त ने शहर में चल रहे विभिन्न कार्यों, एवं परियोजनाओं की प्रगति का बारीकी से समीक्षा की।
समीक्षा बैठक के दौरान निगमायुक्त ने सभी विभागीय प्रमुखों को कड़े निर्देश जारी करते हुए कहा कि उनके विभाग से संबंधित जितने भी कार्य प्रगति पर हैं, उन्हें तय समय-सीमा के भीतर गुणवत्ता का पूरा ध्यान रखते हुए हर हाल में पूरा किया जाए। उन्होंने जोर देकर कहा कि कार्यों में न केवल तेजी दिखनी चाहिए, बल्कि उनमें पूर्ण पारदर्शिता और उच्च मानक भी नजर आने चाहिए। निगमायुक्त ने राजस्व विभाग की समीक्षा करते हुए कहा कि राजस्व वसूली कार्यो में कोई भी लापरवाही क्षम्य नहीं की जायेगी। निगमायुक्त ने समीक्षा बैठक में अनुपस्थित रहे अधिकारियों कर्मचारियों को नोटिस जारी किया है। उन्होंने राजस्व वसूली अभियान में पुअर परफार्मेस वाले टी.सी., आर.आई., को भी एक दिन का अवैतनिक कर स्पष्टीकरण मॉंगा है। उन्होंने शहर की मुख्य सड़कों और आंतरिक मार्गों पर जारी पैंच वर्क तथा सड़क मरम्मत के कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के लिए स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा की गई। निगमायुक्त ने डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन और नियमित सफाई अभियानों को और अधिक प्रभावी बनाने पर बल दिया। जल विभाग को निर्देशित किया गया कि शहर के प्रत्येक वार्ड और क्षेत्र में नागरिकों को पर्याप्त और शुद्ध पेयजल की आपूर्ति बिना किसी रुकावट के सुनिश्चित की जाए। शहर के पार्कों के सौंदर्यीकरण तथा लोककर्म विभाग के अंतर्गत चल रहे अधोसंरचना एवं विकास कार्यों की बारीकी से जांच की गई।