इंदौर न्यूज़ (Indore News)

ठंड ने तोड़ा चार साल का रिकार्ड, रात को पारा 11.2 डिग्री पर पहुंचा

इंदौर। कल रात ठंड ने पिछले चार साल का रिकार्ड तोड़ दिया। रात को पारा 11.2 डिग्री पर पहुंचा, जो इस मौसम का सबसे कम तापमान था। इसके साथ ही बीती रात इस मौसम की सबसे ठंडी रात भी बन गई। इससे पहले 2017 में नवंबर में सबसे कम तापमान 11 डिग्री के रूप में दर्ज हुआ था। 2017 के बाद से यह नवंबर में अब तक का सबसे कम तापमान है।

विमानतल स्थित मौसम केंद्र के मुताबिक कल दिन का अधिकतम तापमान 27.5 डिग्री रहा, जो सामान्य से 2 डिग्री कम था, वहीं रात का न्यूनतम तापमान 11.2 डिग्री रहा। यह भी सामान्य से 2 डिग्री कम था। यह परसो रात को दर्ज 12.7 डिग्री की अपेक्षा 1.5 डिग्री कम था। मौसम विशेषज्ञों की माने तो उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ के टकराने के कारण बर्फबारी हो रही है, जिसका असर इंदौर सहित आसपास के क्षेत्रों में भी नजर आ रहा है, जिससे तापमान में गिरावट आ रही है, वहीं आने वाले दिनों में तापमान और नीचे जाने की भी उम्मीद है।

21 को 11.8 डिग्री पर पहुंचा था पारा

इस साल नवंबर में कल रात से पहले भी रिकार्ड टूट चुके हैं। कल रात से पहले 21 नवंबर की रात को पारा 11.8 डिग्री पर पहुंचा था, जिसने पिछले साल का रिकार्ड तोड़ा था, वहीं कल रात जब पारा 11.2 डिग्री पर पहुंचा तो इसने पिछले चार सालों में दर्ज सबसे कम तापमान के 2020 में 29 नवंबर को दर्ज 11.7 डिग्री के रिकार्ड को तोड़ा। इससे पहले सबसे कम तापमान 2017 में 11 डिग्री के रूप में दर्ज हुआ था। उम्मीद जताई जा रही है कि इस साल ठंड पिछले सारे रिकार्ड तोड़ेगी।

84 साल पहले सबसे कम 5.6 डिग्री तापमान

मौसम विभाग के मुताबिक इंदौर में नवंबर माह में सबसे कम न्यूनतम तापमान अब से 84 साल पहले वर्ष 1938 में 25 नवंबर की रात दर्ज किया गया था। तब पारा 5.6 डिग्री पर पहुंच गया था, वहीं सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान 1925 में 35 डिग्री के रूप में दर्ज किया गया था, वहीं पिछले 10 सालों की बात करें तो इस दौरान सबसे कम न्यूनतम तापमान 2013 में 16 नवंबर को 10.4 डिग्री के रूप में दर्ज हुआ था।

एक नजर पिछले 10 सालों में नवंबर के सबसे कम तापमान पर

वर्ष    न्यूनतम तापमान तारीख

2012      11.4       18,20,21

2013      10.4       16

2014      13.4       25,26,29,30

2015      13.8       21

2016      12           26

2017      11           27

2018      12.7       26

2019      14.2       18

2020      11.7       29

2021      13.5       15

2022      11.2       26 (अब तक)

(जानकारी मौसम विभाग के मुताबिक)

Share:

Next Post

भुगतान एकीकरण सेवाओं को सुनिश्चित करने के लिए प्राधिकरण के पास फिर से देना होगा आवदेन, Paytm ने दी जानकारी

Sat Nov 26 , 2022
नई दिल्ली। डिजिटल भुगतान और वित्तीय सेवा कंपनी पेटीएम ने एक्सचेंजों के साथ अपनी 100 प्रतिशत सहायक, पेटीएम भुगतान सेवाओं के बारे में एक अपडेट साझा किया है। फिनटेक कंपनी ने कहा कि उसे ऑनलाइन व्यापारियों के लिए भुगतान एग्रीगेटर सेवाएं प्रदान करने के लिए प्राधिकरण के पास फिर से आवेदन करना होगा। इस संबंध […]