
दिल्ली आ रहे विमान के डायवर्ट होने से लेट हुई फ्लाइट
इन्दौर। इंडिगो एयरलाइंस (IndiGo Airlines) की फ्लाइट (flight) से कल शाम दिल्ली (Delhi) से इंदौर (Indore) आने वाले यात्रियों (Passengers) को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। या फ्लाइट तय समय से 3.15 घंटे देरी से इंदौर पहुंची। इस दौरान परेशान यात्रियों ने दिल्ली एयरपोर्ट और विमान में जमकर हंगामा किया। आने वाली फ्लाइट के लेट होने के कारण इंदौर से जाने वाली फ्लाइट भी लेट हुई।
विमानतल से मिली जानकारी के मुताबिक इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट (6ई-6829) शाम 5.20 बजे दिल्ली से रवाना होकर 6.45 बजे इंदौर आती है। यहां से यह विमान 7.25 बजे वापस दिल्ली जाता है। लेकिन कल यह फ्लाइट तय समय से करीब सवा 3 घंटे देरी से रात 10.05 बजे इंदौर पहुंची। इस फ्लाइट से अपने परिवार के साथ दिल्ली से इंदौर आ रही शिविका ठक्कर ने बताया कि इस फ्लाइट के लिए यात्री शाम 4 बजे से पहले ही एयरपोर्ट पहुंचने लगे थे। पहले बताया गया कि फ्लाइट थोड़ा लेट है और फिर कंपनी लगातार समय बढ़ाती गई। परेशान यात्रियों के लिए कंपनी ने चाय नाश्ते तक की व्यवस्था नहीं की। कुछ लोगों ने बताया कि एयरक्राफ्ट कहीं डायवर्ट हो जाने से लेट हो रहा है। बाद में प्लेन के आने पर 8 बजे यात्रियों को उसमें बैठाया गया। लेकिन इसके बाद भी करीब 50 मिनट तक फ्लाइट ने टेकऑफ नहीं किया। सभी यात्री विमान में ही बैठे परेशान होते रहे। विमान में भी कुछ यात्रियों की स्टाफ के साथ बहस हुई। आखरी 8.50 बजे यह फ्लाइट दिल्ली से रवाना होकर 10.05 बजे इंदौर में उतरी। इस बीच इस विमान से इंदौर से दिल्ली जाने वाले यात्री भी इंदौर एयरपोर्ट पर परेशान होते रहे। यह विमान रात 11.05 बजे यात्रियों को लेकर दिल्ली रवाना हुआ। इस बीच इंदौर एयरपोर्ट पर भी हंगामे की स्थिति बनी।