उज्‍जैन न्यूज़ (Ujjain News)

नए साल की पहली सुबह भोले बाबा के चरणों में..

  • पूरे देशभर से आए लाखों श्रद्धालु-पिछले तीन दिनों से महाकाल क्षेत्र में पड़ रही है भीड़-इंदौर रोड पर लग रहा है जाम

उज्जैन। महाकालेश्वर मंदिर में कल वर्ष के अंतिम दिन श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। आज सुबह से भी यहाँ बड़ी संख्या में दर्शन के लिए भक्त पहुंच रहे हैं। भस्मारती में भी आज सुबह नंदी हॉल फुल नजर आया। बाहर भी श्रद्धालुओं की कतारें दिखाई दी। कल तथा आज मिलाकर शाम तक 5 लाख से अधिक श्रद्धालु महाकाल दर्शन कर नए वर्ष की शुरूआत करेंगे। नए साल के पहले दिन आज तड़के से ही हजारों श्रद्धालु महाकाल दर्शन के लिए पहुँचे हैं। दो दिन में 5 लाख श्रद्धालु महाकाल दर्शन करेंगे। इसे देखते हुए दर्शन व्यवस्था में बदलाव किया गया था। समिति के अनुसार नए साल के दो दिन महाकाल दर्शन के लिए 5 लाख से अधिक लोगों के आने का अनुमान है। इस कारण नई व्यवस्था की गई है। इधर पुलिस ने भी महाकाल में भीड़ नियंत्रण के लिए ड्रोन से नजर रखने की व्यवस्था की है और अतिरिक्त बल भी लगाया गया है। मंदिर समिति से जुड़े अधिकारियों के मुताबिक कल नए साल के अंतिम दिन और आज मिलाकर महाकाल मंदिर में दर्शन के लिए 5 लाख से अधिक लोगों के आने का अनुमान है। कल डेढ़ लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने महाकाल दर्शन किए। नई व्यवस्था से भक्तों को 40 मिनट में दर्शन कराए जा रहे हैं। वहीं आज भी शाम तक करीब 4 लाख से अधिक श्रद्धालुओं को दर्शन कराने की तैयारी है। आज सुबह भी भस्मारती में श्रद्धालु मौजूद रहे और इसके बाद सामान्य दर्शनों का सिलसिला शुरू हुआ। भीड़ नियंत्रण के लिए श्रद्धालुओं की कतार भी महाकाल लोक के समीप त्रिवेणी संग्रहालय से लगाई जा रही है। यहाँ से श्रद्धालु प्रवेश कर गणेश मंडपम से दर्शन करते हुए महाकाल लोक में बने निर्गम द्वार से बाहर निकले जा रहे हैं। इसी तरह 250 रुपए शीघ्र दर्शन की रसीद लेने वाले श्रद्धालु महाकाल थाने के पीछे से प्रवेश कर बड़ा गणेश की गली होते हुए गेट नंबर 4 से प्रवेश दिया जा रहा है। इसी द्वार से मीडिया और पुजारियों का भी प्रवेश रखा गया है। इसके अलावा लड्डू प्रसादी की मांग को देखते हुए प्रसाद के नए काउंटर बनाए गए हैं। नए साल में 70 क्विंटल लड्डू प्रसादी की खपत का अनुमान है और इसका स्टाक बनवाया गया है। इधर पुलिस विभाग ने भी नए साल के दो दिन लाखों की भीड़ के अनुमान को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था की तैयारियाँ की है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार त्रिवेणी संग्रहालय से लेकर महाकाल लोक और महाकाल मंदिर के चारों ओर ड्रोन से निगरानी की जाएगी। इसके लिए 500 पुलिसकर्मियों को लगाया जाएगा और महाकाल मंदिर की सुरक्षा में भी 350 जवानों को तैनात किया जाएगा। इसके अलावा पूरे क्षेत्र में भीड़ प्रबंधन और व्यवस्थाओं पर निगरानी के लिए ड्रोन से लगातार नजर रखी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि दर्शन व्यवस्था से कल की तरह आज भी श्रद्धालुओं को 40 मिनट में भगवान महाकाल के दर्शन हो रहे हैं।


मनोहारी श्रृंगार हुआ भगवान महाकाल का..गर्भगृह में प्रवेश पूरी तरह बंद
नए वर्ष के आगमन पर आज सुबह निर्धारित समय पर महाकाल की भस्मारती हुई और उसके बाद भगवान का पंचामृत से अभिषेक किया गया और उन्हें बाद में नवीन वस्त्र और आभूषण कराए गए। नियत समय पर भगवान का श्रृंगार हुआ और उसके बाद उन्हें भोग लगाया गया तथा सुबह की आरती हुई।

आज सुबह भस्मारती के दर्शन लोगों ने कड़ाके की सर्दी में स्क्रीन पर किए
नए वर्ष में लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए कल तथा आज की भस्मारती की ऑनलाईन बुकिंग समिति ने ब्लॉक की है। इस कारण बाहर से आए हजारों श्रद्धालु आज नए साल के पहले दिन भस्मारती में शामिल नहीं हो सके। ऐसे श्रद्धालुओं ने महाकाल मंदिर के बाहर लगी बड़ी स्क्रीन पर भस्मारती का सीधा प्रसारण देखा और भगवान महाकाल के दर्शन भी किए। भस्मारती के वक्त स्क्रीन के सामने आज तड़के हजारों श्रद्धालु खड़े नजर आ रहे थे।

Share:

Next Post

प्रदेश के सभी थानों में खुलेगी साइबर डेस्क

Sun Jan 1 , 2023
भोपाल। मध्य प्रदेश में साइबर अपराध की बढ़ती शिकायतों को देखते हुए प्रत्येक थाने में साइबर डेस्क बनाई जाएगी। दो वर्ष के भीतर यह काम किया जाएगा। इसके लिए 10 हजार पुलिसकर्मियों को प्रशिक्षित भी किया जा चुका है। दूसरे चरण में कुछ और पुलिसकर्मियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। पुलिस मुख्यालय ने इसकी तैयारी शुरू […]