भोपाल न्यूज़ (Bhopal News)

राज्यपाल ने जनजातीय प्रकोष्ठ की प्रथम बैठक में कहा…

  • देश के सामने पेश करें आदिवासियों के विकास का उत्कृष्ट मॉडल
  • बजट का शत-प्रतिशत व्यय सुनिश्चित किया जाए

भोपाल। राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा है कि मध्यप्रदेश जनजातीय विकास के उत्कृष्ट कार्यों का देश में मॉडल प्रस्तुत करें। अलग-अलग और विभिन्न क्षेत्रों के विकास प्रयासों को एकीकृत स्वरूप में प्रस्तुत किया जाना जरूरी है। इस दिशा में प्रकोष्ठ विभिन्न विभाग के साथ समन्वय और सामंजस्य के साथ कार्य करें। उन्होंने कहा कि सप्ताह में दिवस निर्धारित कर विभिन्न विभागों के साथ विचार-विमर्श कर जनजातीय कल्याण के प्रयासों को मज़बूती दी जाए। राज्यपाल ने कहा कि जनजातीय बजट का शत-प्रतिशत व्यय सुनिश्चित किया जाए। बजट पारित होने के साथ ही निर्धारित योजनाओं और कार्यक्रमों में व्यय का प्रारंभ किया जाना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया है कि वित्तीय वर्ष में आवंटित बजट का उपयोग अनिवार्यता वर्ष में किया जाना सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने कहा कि जनजातीय विकास के लिए प्रावधानित राशि का उपयोग सामाजिक न्याय के सिद्धांतों के आधार पर ही होना अनिवार्य है। राज्यपाल ने वन अधिकार पट्टों के वितरण, सिकल सेल जांच कार्य की प्रगति के संबंध में भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि सिकल सेल जाँच कार्य में गर्भवती माताओं की जाँच प्राथमिकता के साथ की जाए। आंगनवाड़ी केंद्रों में भी जाँच की जाए। इससे जाँच कार्य में गति आएगी। उन्होंने कहा कि रोग के स्वरूप और रोकथाम प्रयासों के प्रभावी नियोजन के लिए विभिन्न स्तर और क्षेत्रों में हो रहे जाँच कार्य का समेकित डेटा संकलन आवश्यक है। उन्होंने सिकल सेल एनीमिया वाहक और रोगियों को स्वस्थ जीवनशैली के संबंध में जागृत किए जाने की जरूरत भी बताई। राज्यपाल ने जनजातीय विद्यार्थियों द्वारा प्रतियोगी परीक्षाओं में बेहतर परिणामों की जानकारी पर जनजातीय कार्य विभाग को बधाई दी। राज्यपाल राजभवन में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, वित्त, वन, जनजातीय कार्य, लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, ग्रामीण विकास विभाग, हिमोग्लोबिनपैथी मिशन, आजीविका मिशन के वरिष्ठ अधिकारियों और जनजातीय प्रकोष्ठ के सदस्यों की प्रथम परिचयात्मक बैठक को संबोधित कर रहे थे।



अध्यक्ष जनजातीय प्रकोष्ठ दीपक खांडेकर ने बताया कि प्रदेश का जनजातीय विकास बजट देश में सबसे बड़ा है। उन्होंने बताया कि प्रकोष्ठ द्वारा जनजातीय विकास की विभागीय और बजट के अतिरिक्त भौतिक उपलब्धियों के समग्र प्रस्तुतिकरण की व्यवस्था की जाएगी। जनजातीय विकास और कल्याण के कार्यों, चुनौतियों के समाधान और जमीनी समस्याओं के निराकरण के व्यवस्थागत प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि प्रकोष्ठ द्वारा संबंधित विभागों के साथ सतत समन्वय बनाकर कार्य किया जाएगा। प्रमुख सचिव जनजातीय कार्य श्रीमती पल्लवी जैन गोविल ने प्रस्तुतिकरण के द्वारा जनजातीय विकास के कार्यों की जानकारी दी। बैठक में राज्यपाल के प्रमुख सचिव डी.पी. आहूजा, अपर मुख्य सचिव लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मलय श्रीवास्तव, प्रमुख सचिव वन श्री अशोक वर्णवाल, प्रमुख सचिव ग्रामीण विकास उमाकांत उमराव, सचिव वित्त अजीत कुमार, आयुक्त स्वास्थ्य डॉ. सुदाम खाड़े, जनजातीय प्रकोष्ठ के सदस्य सचिव बी.एस. जामोद, विधि विशेषज्ञ भग्गू सिंह रावत, विषय-विशेषज्ञ डॉ. दीपमाला रावत और विधि सलाहकार विक्रांत सिंह कुमरे सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।

फोटो इन्फो से

Share:

Next Post

Realme Narzo 50 Pro 5G स्‍मार्टफोन भारत में जल्‍द देगा दस्‍तक, लॉन्चिंग हुई कंफर्म

Wed May 11 , 2022
नई दिल्ली। स्‍मार्टफोन निर्माता कंपनी Realme के नारजो सीरीज के नए स्मार्टफोन Realme Narzo 50 Pro 5G की भारत में लॉन्चिंग कंफर्म हो गई है। Realme Narzo 50 Pro 5G की बिक्री अमेजन से होगी, हालांकि लॉन्चिंग तारीख अभी भी एक राज है। अमेजन पर Realme Narzo 50 Pro 5G की माइक्रोसाइट भी लाइव हो […]