
जबलपुर। अधारताल तालाब के आसपास का नजारा जल्द ही और आकर्षक नजर आएगा। तालाब की खाली भूमि को व्यवस्थित रूप से विकसित कर यहां गार्डेनिंग और सघन पौधरोपण कराया जाएगा। इसके साथ ही पिचिंग और पेवर ब्लॉक सहित अन्य सौंदर्यीकरण कार्यों को भी गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। नगर निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने मंगलवार को अधारताल तालाब परिसर का निरीक्षण कर चल रहे सौंदर्यीकरण एवं अधोसंरचना विकास कार्यों की प्रगति देखी। उन्होंने तालाब किनारे हो रही पिचिंग, पेवर ब्लॉक बिछाने, गार्डेनिंग और पौधरोपण कार्यों की गुणवत्ता को मौके पर परखा।
खाली जमीन होगी विकसित
निगमायुक्त ने तालाब किनारे मौजूद खाली भूमि को सुनियोजित तरीके से विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गार्डेनिंग और सघन पौधरोपण के जरिए पूरे परिसर को हरा-भरा और आकर्षक बनाया जाए, ताकि नागरिकों को भ्रमण और विश्राम के लिए स्वच्छ एवं मनोरम वातावरण मिल सके।
समय-सीमा में काम पूरा करें
निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त ने संबंधित कार्यपालन यंत्री, सहायक यंत्री, उपयंत्री और ठेकेदार को शेष कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता के साथ-साथ परिसर के समग्र विकास पर भी विशेष ध्यान देने की बात कही। निरीक्षण के दौरान नगर निगम के संबंधित विभागीय अधिकारी और निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved