उज्‍जैन न्यूज़ (Ujjain News)

फरवरी के पहले सप्ताह में ही 30 डिग्री पर पहुँचा अधिकतम तापमान

  • हवाओं की दिशा बदलने के कारण आज सुबह न्यूनतम तापमान भी 10 डिग्री के पार चला गया -दिन होने लगे बड़े

उज्जैन। पिछला सप्ताह भले ही बर्फीली हवाओं की चपेट में रहा हो, लेकिन फरवरी माह का दूसरा सप्ताह शुरू होते ही कल न्यूनतम तापमान के साथ-साथ अधिकतम तापमान में भी इजाफा हुआ। इसके चलते कल दिन का तापमान 2 डिग्री बढ़कर 30 डिग्री तक पहुँच गया और आज सुबह न्यूनतम तापमान भी बढ़ गया। कल से पश्चिमी विक्षोभ के असर के कारण हवाओं की दिशा बदलने से रात के तापमान में वृद्धि होने लगी है। वेधशाला से प्राप्त मिली जानकारी के अनुसार आज सुबह भी न्यूनतम तापमान 10.6 डिग्री रहा, जबकि एक दिन पहले यह 9 डिग्री पर था। इसमें आज सुबह 1 डिग्री से अधिक की बढ़त दर्ज हुई।


कल अधिकतम तापमान भी 28.5 डिग्री से बढ़कर 30 डिग्री दर्ज हुआ था, जो सामान्य तापमान से 2 डिग्री अधिक रहा। इसके पीछे कारण है कि बादल छँटने के बाद मौसम साफ होते ही उत्तर-पूर्वी सर्द हवाओं ने दिशा बदल दी है और पश्चिमी विक्षोभ के असर के कारण रात के तापमान में बढ़त से ठंड से धीरे-धीरे राहत मिलने के आसार हैं। उत्तर भारत में नया पश्चिमी विक्षोभ बनने से न्यूनतम तापमान में आने वाले दिनों में वृद्धि होगी और लोगों को कड़ाके की सर्दी से राहत मिलने लगेगी। इधर दिन की अवधि में भी बढ़त होने लगी है। पहले जहाँ सूर्यास्त 7 बजे के पहले हो रहा था, वहीं अब कल शाम 7 बजकर 5 मिनट पर सूर्यास्त हुआ। आज सुबह भी 6.18 बजे सूर्योदय हो गया था। यही कारण है कि अब फरवरी के पहले सप्ताह से ही दिन बड़े होने का अहसास होने लगा है।

Share:

Next Post

हंगामा हुआ तो कानीपुरा मल्टी पहुँचे अधिकारी और महापौर

Mon Feb 6 , 2023
प्रधानमंत्री आवास योजना का उद्घाटन तो करा दिया-हितग्राहियों के लिए बिजली की व्यवस्था नहीं की उज्जैन। कानीपुरा में प्रधानमंत्री आवास योजना के 152 ईडब्ल्यूएस मकानों का उद्घाटन एक महीने पहले नगर निगम ने हितग्राहियों से यहाँ बिजली की व्यवस्था नहीं होने की बात छिपाकर मुख्यमंत्री से करा लिया था। लोग जब यहाँ रहने पहुंचे तो […]