
जबलपुर। शहर को स्वच्छता के पहले पायदान पर पहुँचाने और नागरिकों को जागरूक करने के उद्देश्य से नगर निगम द्वारा एक भव्य स्वच्छता जनजागरूकता रैली का आयोजन किया गया। महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू के नेतृत्व में आयोजित इस रैली में जनभागीदारी का एक अभूतपूर्व दृश्य देखने को मिला, जहाँ सैकड़ों स्थानीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और निगम कर्मियों ने कदम से कदम मिलाकर स्वच्छ जबलपुर-श्रेष्ठ जबलपुर का संकल्प दोहराया। इस अवसर पर निगम अध्यक्ष रिंकू विज, सभी एमआईसी के सदस्यगण पार्षद और निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने भी हाथों में स्वच्छता का संदेश देते हुए टीम के सदस्यों का उत्साह बर्धन किया।
रैली का शुभारंभ सिविल लाइन चौक से हुआ। हाथों में स्वच्छता के संदेश वाली तख्तियाँ और जुबां पर जागरूकता के नारे लिए उत्साह का सैलाब शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरा। इस दौरान महापौर और अन्य जनप्रतिनिधियों ने नागरिकों से अपील की कि वे कचरा सिर्फ डस्टबिन में ही डालें और अपने आस-पास के वातावरण को स्वच्छ रखने में सक्रिय भूमिका निभाएं। रैली का समापन अंबेडकर चौक पर हुआ।
स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, संस्कार है
रैली के समापन पर महापौर ने अपने उद्बोधन में कहा कि कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि एक संस्कार है। जब शहर का हर नागरिक इसे अपनी जिम्मेदारी समझेगा, तभी हमारी संस्कारधानी स्वच्छता सर्वेक्षण में अव्वल आएगी। उन्होंने कहा कि यह रैली न केवल एक आयोजन रही, बल्कि इसने शहरवासियों में स्वच्छता के प्रति एक नई ऊर्जा का संचार किया। निगम प्रशासन ने इस सफल आयोजन के लिए सभी प्रतिभागियों और सम्माननीय नागरिकों का आभार व्यक्त किया है।
इनकी रही उपस्थिति
अभियान में निगम अध्यक्ष रिंकू विज, एमआईसी सदस्य सदस्य रजनी कैलाश साहू, डॉ. सुभाष तिवारी, विवेक राम सोनकर, दामोदर सोनी, अंशुल राघवेंद्र, पार्षदगण कमलेश अग्रवाल, श्याम कन्नौजिया, विमल राय, निशा संजय राठौर, अविनाश चमकेल, कविता रैकवार, अख्तर अंसारी, निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार के साथ समस्त अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
महापुरुषों को नमन पुष्पांजलि अर्पित
रैली के समापन अवसर पर महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू ने अपनी श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए अमर वीर शहीद जनजातीय नायक राजा शंकर शाह एवं कुंवर रघुनाथ शाह तथा संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने कहा कि महापुरुषों के आदर्शों पर चलकर ही हम एक स्वस्थ और विकसित समाज का निर्माण कर सकते हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved