img-fluid

साढ़े 37 करोड़ का सान्दीपनि स्कूल का भवन एक वर्ष से कर रहा है उद्घाटन का इंतजार

June 23, 2026

नलखेड़ा। नगर में करोड़ों रूपये लागत की सान्दीपनि स्कूल की बिल्डिंग गत एक वर्ष से बनकर तैयार खड़ी है लेकिन उद्घाटन नहीं होने के कारण यह गत एक वर्ष से धूल खा रही है। वही दूसरी ओर पुराने व छोटे भवन में संचालित सान्दीपनि स्कूल में विद्यार्थियों के बैठने तक का स्थान नहीं है।



  • नगर के श्री बल्डावदा हनुमान मंदिर के सामने लगभग 37.5 करोड़ रुपये की लागत से सान्दीपनि स्कूल की विशाल बिल्डिंग का निर्माण हुआ है। यह बिल्डिंग लगभग एक वर्ष पूर्व से बनकर तैयार खड़ी है लेकिन उद्घाटन नहीं होने के कारण अभी तक यहाँ स्कूल का संचालन प्रारम्भ नही हुआ है। जिसके चलते यह भवन एक वर्ष से धूल खा रहा है। संभावना व्यक्त की जा रही थी कि नए शिक्षा सत्र से सान्दीपनि विद्यालय का संचालन नए भवन में प्रारम्भ होगा लेकिन नया शिक्षा सत्र प्रारम्भ हो चुका है और सान्दीपनि विद्यालय का संचालन उसी पुराने व छोटे भवन में हो रहा है। सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार राजनैतिक हल्कों में यह चर्चा विगत 6 माह से अधिक समय से चल रही है कि सान्दीपनि स्कूल का उद्घाटन करने मुख्यमंत्री आएंगे। लेकिन आज तक मुख्यमंत्री का कोई कार्यक्रम नही बन पाया है। उद्घाटन के इंतजार में साढ़े सेतीस करोड़ की यह बिल्डिंग बगैर उपयोग के ही भंगार होने की ओर अग्रसर दिखाई दे रही है। यह शासन प्रशासन की असफलता ही कहा जायेगा कि देश की भावी पीढ़ी को तैयार करने, निजी स्कूलों की तरह सर्वसुविधायुक्त शासकीय स्कूल बनाने की इस महत्वाकांक्षी योजना अंतर्गत निर्मित उक्त भवन का निर्माण एक वर्ष पूर्व हो जाने के बाद भी विद्यार्थियों को इसका लाभ प्राप्त नही हो पा रहा है।

    48 की तुलना में मात्र 22 कमरे
    वर्तमान में जिस भवन में सान्दीपनि स्कूल संचालित हो रहा है वह विद्यार्थियों की संख्या के मान बहुत छोटा है। नए शिक्षा सत्र की विद्यार्थियों की संख्या 1600 है, जिसके मान से स्कूल संचालन के लिए 48 कक्षों की आवश्यकता है लेकिन पुराने भवन में मात्र 22 कक्ष ही है। ऐसे में एक कक्ष में दो दो कक्षाओं को लगाने की मजबूरी होगी। जोकि देश की भावी पीढ़ी के साथ सरासर अन्याय होगा।

    नए शिक्षा सत्र में विद्यार्थियों की संख्या हुई सोलह सौ
    शासन द्वारा निर्धारित नियमों के चलते उक्त सान्दीपनि स्कूल में नगर सहित आसपास के अन्य स्कूल मर्ज किए जा चुके है। साथ ही निजी स्कूल की तर्ज व नई शिक्षा नीति के अनुसार कक्षा नर्सरी से 12वीं तक की कक्षाओं में विद्यार्थियों को प्रवेश भी दिया जा चुका है। जिसके चलते सान्दीपनि स्कूल में नए शिक्षा सत्र में विद्यार्थियों की संख्या 1600 हो चुकी है।

    वाह वाही जरूरी या भावी पीढ़ी का भविष्य जरूरी
    किसी भी दल की सरकार हो, अपने द्वारा किये गए कार्यों की वाह वाही लेती ही है, इसके लिए उन कार्यो का भूमि पूजन, लोकार्पण अथवा उद्घाटन कार्यक्रम आयोजित किये जाते है लेकिन यदि वाह वाही लेने वालों को ही फुर्सत नही हो तो उनका इंतजार कब तक किया जा सकता है। वो भी ऐसे कार्य मे जिससे देश की भावी पीढ़ी का भविष्य जुड़ा हुआ हो। उक्त मामले में भी ऐसा ही है। अब विचार इस बात का किया जाना चाहिए कि साढ़े सैतीस करोड़ रुपये के भवन की वाह वाही जरूरी है या भावी पीढ़ी का भविष्य जरूरी है। जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग को इस पर विचार कर नगर में एक वर्ष पूर्व से निर्मित सान्दीपनि स्कूल के नए भवन में नए शिक्षा सत्र का अध्यापन अविलंब प्रारम्भ करवाया जाना चाहिए।

    Share:

  • सरकार की नई चेतावनी, 'Boss Scam' के चक्कर में कहीं हो न जाए अकाउंट खाली

    Tue Jun 23 , 2026
    डेस्क। सरकार ने लोगों को नए तरीके के साइबर फ्रॉड को लेकर चेतावनी जारी की है। गृह मंत्रालय ने साइबर क्रिमिनल्स के नए हथियार को लेकर चेताया है। साइबर क्रिमिनल्स इन दिनों सरकारी विभागों में बैठे हुए बड़े अधिकारियों को टारगेट कर रह हैं और उनके साथ फ्रॉड कर रहे हैं। लोगों को वॉट्सऐप मैसेज […]
    सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved