
इंदौर। एआई यानी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, जहाँ एक ओर वरदान है, वहीं दूसरी ओर अपराधियों के हाथ में यह एक खतरनाक हथियार बनता जा रहा है। इंदौर के बाणगंगा इलाके में एक छात्रा के साथ जो हुआ, उसने सबको झकझोर दिया है। एक युवक ने छात्रा की पुरानी तस्वीरों को एआई के जरिए आपत्तिजनक बनाया और न केवल उसे ब्लैकमेल किया, बल्कि उसके मंगेतर को वो फोटो दिखाकर उसकी सगाई भी तुड़वा दी। बदनामी के डर से घुट रही छात्रा ने अब पुलिस का दरवाजा खटखटाया है।
घटना की शुरुआत 2024 में हुई थी, जब राऊ निवासी विशाल गुर्जर की मुलाकात पीड़िता से एक शादी समारोह में हुई थी। विशाल ने वहां छात्रा की कुछ सामान्य फोटो ली थीं। लेकिन किसे पता था कि ये तस्वीरें एक दिन छात्रा की जिंदगी में जहर घोल देंगी। विशाल लगातार छात्रा पर शादी का दबाव बना रहा था और मना करने पर उसने एआई तकनीक का सहारा लेकर छात्रा की तस्वीरों को आपत्तिजनक रूप में एडिट कर दिया।आरोपी की दरिंदगी यहीं नहीं रुकी। जब छात्रा के परिवार ने उसकी सगाई दूसरी जगह तय की, तो विशाल वहां पहुँच गया और मंगेतर को वे एडिट की हुई तस्वीरें दिखाकर सगाई तुड़वा दी। लगातार मिल रही धमकियों और सामाजिक बदनामी से छात्रा इस कदर टूट गई कि उसे आत्महत्या तक के विचार आने लगे। आखिरकार परिजनों के सहयोग से उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी विशाल के खिलाफ आईटी एक्ट और डराने-धमकाने की धाराओं में मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved