भोपाल न्यूज़ (Bhopal News)

केरल की मदद से गांवों में तलाशी जाएंगे पर्यटन की संभावनाएं

  • पर्यटन मंत्री सुश्री ठाकुर ने किये केरल के साथ टूरिज्म एमओयू पर हस्ताक्षर

भोपाल। प्रदेश में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए अब केरल की मदद ली जाएगी। केरल पर्यटन के क्षेत्र में देश में अग्रणी राज्यों में है। अब मप्र ने केरल के साथ पर्यटन क्षेत्र में आगे बढऩे के लिए एमओयू किया है। प्रदेश की पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री सुश्री उषा ठाकुर ने केरल के पर्यटन मंत्री के. सुरेन्द्रन के साथ रिस्पांसिबिल टूरिज्म मिशन के एमओयू पर हस्ताक्षर किये। मध्यप्रदेश देश का दूसरा राज्य है, जो केरल के साथ एमओयू कर प्रदेश में रिस्पांसिबिल टूरिज्म मिशन आरंभ कर रहा है। प्रदेश की पर्यटन मंत्री ऊषा ठाकुर इन दिनों केरल प्रवास पर हैं। उन्होंने कहा कि शंकराचार्य की भूमि में आज भी कला, संस्कृति और धर्म सुरक्षित हैं। हमें भारत को मौलिक भारत बनाना होगा, जिसमें केरल अग्रणी है। सुश्री ठाकुर ने कहा कि मध्यप्रदेश भी धार्मिक, सांस्कृतिक और प्राकृतिक रूप से समृद्ध प्रदेश है। हमारे प्रदेश के निवासियों एवं जनजातीय भाईयों की संस्कृति अद्भुत है और प्रकृति से उनका जुड़ाव आज भी बना हुआ है। पर्यटन मंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं तथा केरल के साथ एमओयू के आधार पर हम जन-सहभागिता के साथ पर्यटन के सभी क्षेत्रों में कार्य करेंगे। इससे स्थानीय लोगों को रोजगार मिलेगा और केरल के पर्यटकों को मप्र के प्राकृतिक सौंदर्य के साथ संस्कृति, सभ्यता, खान-पान, लोक संस्कृति और यहाँ के शिल्पकारों की कला से परिचित होने का अवसर प्राप्त होगा। सुश्री ठाकुर ने केरल के पर्यटन मंत्री को उनकी टीम के साथ मध्यप्रदेश आने का आमंत्रण भी दिया।

रूरल टूरिज्म पर करेंगे काम
इस अवसर पर केरल के पर्यटन मंत्री के. सुरेन्द्रन ने बताया कि हम पर्यटन क्षेत्र में सामाजिक, आर्थिक और पर्यावरणीय संरक्षण के लिये रूरल टूरिज्म में काम कर रहे हैं। इसमें स्थानीय ग्राम पंचायत, ब्लॉक एवं जिला स्तर पर पर्यटन के विकास के लिये योजना बनाते हैं। उन्होंने कहा कि हम ग्रामीणों में अपनी संस्कृति और कला को महत्व देने के लिये काम कर रहे हैं। मध्यप्रदेश द्वारा इस मिशन में जो भी सहयोग माँगा जायेगा, हम सहज प्रदान करेंगे तथा मध्यप्रदेश को भी देश का अग्रणी पर्यटन राज्य बनाने में सहयोग करेंगे।

Share:

Next Post

महामारी के अंत का टीका

Mon Jan 18 , 2021
– प्रमोद भार्गव कोरोना महामारी का टीका लगाने की शुरुआत के साथ मानवता को निरोगी बनाए रखने के संकल्प ने गति पकड़ ली है। यह टीकाकरण एक बड़ी चुनौती इसलिए है क्योंकि यह दुनिया का सबसे बड़ा अभियान है। भारत में सबसे ज्यादा लोगों को टीका लगाया जाना है। कोविड-19 विषाणु ने व्यापक क्षेत्र में […]