
कोलकाता। टीएमसी (TMC) के कांग्रेस में शामिल होने की अटकलों के बीच ममता बनर्जी (Mamata Banerjee) की मुश्किलें और बढ़ने के आसार हैं। कहा जा रहा है कि पश्चिम बंगाल (West Bengal) में ही बगावत करने वाले बागी विधायकों की संख्या में इजाफा हो सकता है। संभावनाएं जताई जा रही हैं कि ऐसे नेताओं की संख्या 65 पर पहुंच सकती है, जिनमें बनर्जी के कई बेहद करीबी नेताओं का नाम भी शामिल है। हालांकि, अब तक आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
संघवाद प्रतिदिन की रिपोर्ट के अनुसार, बागी विधायकों (Rebel MLAs) की संख्या बढ़कर 65 हो सकती है। पार्टी में एक वर्ग दावा कर रहा है कि इस बार विधायक और पूर्व मेयर फिरहाद हाकिम भी बनर्जी का साथ छोड़ने की तैयारी कर रहे हैं। रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से यह भी कहा जा रहा है कि तृणमूल कांग्रेस में आगे और भी सरप्राइज देखने को मिल सकते हैं।
बागी विधायक दल के प्रमुख माने जा रहे रिताब्रता बनर्जी ने दावा किया कि उनके समूह के सदस्य 58 से बढ़कर 64 हो गए हैं। उन्होंने कहा कि उनके नीत गुट को पार्टी के ज्यादातर विधायकों और बड़ी संख्या में सांसदों का समर्थन हासिल है और वे तृणमूल कांग्रेस के बैनर तले ही काम करते रहेंगे। रीताब्रता ने राज्य विधानसभा के बाहर संवाददाताओं से कहा, ‘हम ही असली तृणमूल कांग्रेस हैं। हम कांग्रेस में विलय नहीं कर रहे हैं।’
उन्होंने कहा, ‘हमारे साथ विधायकों की संख्या पहले ही 64 के पार हो चुकी है। कल एक और विधायक के हमारे साथ जुड़ने पर यह संख्या 65 हो सकती है। जाहिर है, असली तृणमूल कांग्रेस हम ही हैं। दिल्ली में कौन किससे मिलता है, यह उनका मामला है और हमारे लिए इसका कोई महत्व नहीं है।’
TMC और कांग्रेस होंगे एकजुट?
तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष ममता बनर्जी ने मंगलवार को कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी के साथ मुलाकात की थी जिसके बाद संभावित विलय की चर्चाओं ने जोर पकड़ लिया। दोनों नेताओं के बीच हुई बैठक की जानकारी हालांकि किसी भी पक्ष ने सार्वजनिक नहीं की, लेकिन भाषा के सूत्रों का कहना है कि ममता ने विपक्ष की एकजुटता पर जोर दिया।
TMC और कांग्रेस ने कर दिया मना
कांग्रेस ने बुधवार को विलय को लेकर लगाई जा रही अटकलों को पूरी तरह से गलत करार दिया। पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि दोनों नेताओं ने अपने व्यक्तिगत विषयों को लेकर चर्चा की थी। वहीं, भाषा के मुताबिक, टीएमसी के एक नेता ने इसे बेबुनियाद बताया। उन्होंने एजेंसी से कहा, ‘हमारे पास ऐसी कोई जानकारी नहीं है। यह बेबुनियाद है।’
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved