
लंदन. लंदन (London) में ब्रिटेन (Britain) के सांसद (MP) बॉब ब्लैकमैन (Bob Blackman) ने पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में चल रहे विरोध प्रदर्शनों को लेकर गंभीर चिंता जताई है। उन्होंने आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों पर पाकिस्तानी सेना द्वारा कथित रूप से गोलीबारी की गई, जिसमें कई लोगों की मौत और बड़ी संख्या में घायल होने की बात सामने आई है। उन्होंने कहा कि प्रदर्शनकारी पूरी तरह निहत्थे थे और वे केवल भोजन वितरण, मानवाधिकार और बुनियादी सुविधाओं को लेकर शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रख रहे थे।
मृतकों की संख्या को लेकर विवाद
ब्रिटिश सांसद ने कहा कि जहां पाकिस्तानी प्रशासन 9 लोगों की मौत की बात कर रहा है, वहीं प्रदर्शनकारियों का दावा है कि 30 से अधिक लोगों की जान गई है और 200 से ज्यादा घायल हुए हैं। उन्होंने इसे गंभीर असंगति बताया और स्वतंत्र जांच की मांग का संकेत दिया। उन्होंने यह भी कहा कि इस क्षेत्र में कई ब्रिटिश नागरिक भी मौजूद हैं, जिनके घायल होने की जानकारी सामने आई है, जिससे यह मुद्दा यूके के लिए भी महत्वपूर्ण बन जाता है।
ब्रिटेन संसद में उठेगा मामला
बॉब ब्लैकमैन ने कहा कि उन्होंने हाउस ऑफ कॉमन्स में इस मुद्दे को उठाया है और विदेश सचिव से इस पर बयान देने की मांग की है। उन्होंने पाकिस्तान के उच्चायुक्त को तलब कर सख्त कार्रवाई की आवश्यकता बताई। ब्रिटिश सांसद बॉब ब्लैकमैन ने कहा कि 1947 से पाकिस्तान ने भारत के इस हिस्से पर अवैध कब्जा कर रखा है और यह भारत-पाकिस्तान के बीच लंबे समय से विवाद का विषय रहा है। उन्होंने दावा किया कि इस मुद्दे की गंभीरता इस बात से समझी जा सकती है कि ब्रिटेन की संसद के करीब 30 सांसदों ने विदेश मंत्री को पत्र लिखकर चिंता जताई है।
उन्होंने कहा कि ये सभी सांसद पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर के समर्थन में माने जाते हैं, यानी वे भारत के पक्ष में नहीं हैं, बल्कि पाकिस्तान के रुख के समर्थक हैं। इसके बावजूद उनका इस स्थिति पर चिंतित होना यह दर्शाता है कि यह मुद्दा अब राजनीतिक दलों और विचारधाराओं से ऊपर उठकर गंभीर चिंता का विषय बन चुका है। ब्लैकमैन ने आगे कहा कि यदि विदेश मंत्री इस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं करती हैं, तो अगले सप्ताह संसद में इस मुद्दे पर आपातकालीन सवाल उठाया जा सकता है।
पीएम मोदी की सराहना, भारत की भूमिका पर बयान
इसी दौरान बॉब ब्लैकमैन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से एक मजबूत वैश्विक शक्ति के रूप में उभर रहा है और गुजरात के विकास मॉडल को उन्होंने देश की आर्थिक प्रगति का उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि भारत आज दुनिया में तेजी से बढ़ती हुई ताकत बन चुका है और इसका असर वैश्विक कूटनीति पर भी दिख रहा है। ब्रिटिश सांसद ने सुझाव दिया कि भारत को अपनी आर्थिक ताकत का उपयोग करके वैश्विक समुद्री मार्गों और विशेष रूप से होर्मुज जलडमरूमध्य को खुला रखने पर जोर देना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि यूके को भारत के साथ मिलकर क्षेत्रीय सुरक्षा और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में काम करना चाहिए।
पश्चिम एशिया और क्षेत्रीय सुरक्षा पर टिप्पणी
पश्चिम एशिया की स्थिति पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि ईरान और अमेरिका के बीच बातचीत में पाकिस्तान की भूमिका देखी जा रही है, जिससे क्षेत्रीय समीकरण प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि संघर्षों के बीच संघर्षविराम बार-बार टूट रहा है और स्थायी शांति अभी दूर नजर आ रही है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved