
वाराणसी। पीएम मोदी (PM Modi) ने काशी विश्वनाथ धाम (Kashi Vishwanath Dham) में दर्शन-पूजन (Worship and Darshan) के बाद कॉरिडोर का भ्रमण किया। इसके बाद वापसी के लिए उनका काफिला निकला। पीएम ने गेट नंबर चार पर मौजूद काशीवासियों का हाथ हिलाकर अभिवादन किया।
पीएम मोदी ने नन्हे-मुन्हें बच्चों से किया संवाद
पीएम मोदी ने काशी विश्वनाथ धाम परिसर में आए बच्चों से बातचीत की। उन्होंने बच्चों से कुछ पूछा तो वे मुस्कुराते दिखे। वहीं मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालु पीएम की झलक पाकर प्रसन्न दिखे।
त्रिशूल और डमरू दिखाकर पीएम ने किया भक्तों का स्वागत
पंडित ओम प्रकाश मिश्र सहित पांच ब्राह्मणों ने पीएम मोदी को षोडशोपचार पूजा कराई। पीएम मोदी ने दूसरी बार विश्वनाथ मंदिर में त्रिशूल और डमरू दिखाकर बाबा के भक्तों का अभिवादन किया।
पीएम के स्वागत के लिए पहुंचे स्कूली बच्चे
बनारस रेलवे स्टेशन के सामने प्रधानमंत्री मोदी के स्वागत के लिए बने प्वॉइंट पर कई छात्र-छात्राएं भी पहुंचे। इनके हाथ में पीएम के लिए कुछ संदेश वाला पोस्टर दिखा। बच्चों ने कहा पीएम मोदी को देने के लिए छोटा सा गिफ्ट लेकर आए हैं।
पीएम मोदी ने षोडशोपचार विधि से किया पूजन
काशी विश्वनाथ मंदिर के गर्भ गृह में पीएम मोदी ने षोडशोपचार विधि से पूजन किया। इस दौरान ब्राह्मणों ने मंत्रोच्चार किया। वहीं मंदिर परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
पीएम ने हाथ जोड़कर किया अभिवादन
पीएम मोदी काशी विश्वनाथ धाम परिसर में गाड़ी से उतरे तो डमरूओं के निनाद से उनका स्वागत किया गया। इस दौरान पीएम मोदी ने हाथ जोड़कर बाबा के भक्तों का अभिवादन स्वीकार किया।
पीएम का स्वागत कर खुश हुए लोग
लहुराबीर चौराह पर प्रधानमंत्री मोदी का एनसीसी कैडेट्स व भाजपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। इस दौरान लोगों में काफी उत्साह दिखा। पीएम का स्वागत कर एनसीसी कैडेट्स व महिलाएं काफी खुश नजर आईं।
शंख, ध्वनि की गूंज के बीच पीएम का स्वागत
पीएम मोदी ने काशी विश्वनाथ मंदिर में 51 ब्राह्मणों की शंख, ध्वनि की गूंज के बीच प्रवेश किया। इस दौरान हर-हर महादेव के जयकारे लगाए गए।
विश्वनाथ धाम पहुंचा पीएम का काफिला
पीएम मोदी का काफिला मंडुवाडीह, पुलिस लाइन, लहुराबीर, मैदागिन, चौक से होते हुए काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचा। प्रधानमंत्री करीब एक साल बाद श्री काशी विश्वनाथ दर्शन के लिए पहुंचे हैं।
पीएम मोदी का भाजपाइयों ने किया भव्य स्वागत
बरेका से काशी विश्वनाथ मंदिर मार्ग पर प्रधानमंत्री का रोड शो शुरू हो गया है। भाजपा कार्यकर्ता ढोल-नगाड़े, शंखनाद के साथ गुलाब की पंखुड़ियों की वर्षा कर पीएम का स्वागत कर रहे हैं। पीएम का काफिला लहुराबीर की ओर रवाना हो गया है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved