
डेस्क: यदि आप मैसेजिंग के लिए व्हाट्सएप का इस्तेमाल करते हैं तो आपके लिए अच्छी खबर है. व्हाट्सएप एक नए एआई आधारित स्कैम अलर्ट फीचर पर काम कर रहा है, जो संदिग्ध चैट का पता लगाकर यूजर्स को चेतावनी दे सकता है. रिपोर्ट के मुताबिक, यह फीचर डिवाइस पर ही मशीन लर्निंग का इस्तेमाल करके मैसेज की जांच करेगा. अगर किसी बातचीत में स्कैम के संकेत मिलते हैं, तो चैट के अंदर यूजर को वार्निंग दिखाई जा सकती है. खास बात यह है कि यह फीचर वैकल्पिक होगा और फिलहाल सीमित बीटा यूजर्स के साथ टेस्ट किया जा रहा है.
रिपोर्ट के मुताबिक, व्हाट्सएप का नया स्कैम अलर्ट फीचर डिवाइस पर मैसेज का विश्लेषण करेगा और यह पता लगाने की कोशिश करेगा कि बातचीत किसी संभावित स्कैम से जुड़ी है या नहीं. अगर सिस्टम को कुछ संदिग्ध लगता है, तो चैट के अंदर यूजर को चेतावनी दिखाई जा सकती है. यह चेतावनी सिर्फ यूजर को दिखाई देगी और सामने वाले व्यक्ति को इसकी जानकारी नहीं मिलेगी. इसके बाद यूजर उस कॉन्टैक्ट को ब्लॉक कर सकता है, बातचीत रिपोर्ट कर सकता है या फिर चैट जारी रख सकता है.
अगर व्हाट्सएप किसी सामान्य बातचीत को गलती से संदिग्ध मान लेता है, तो यूजर उस चैट को भरोसेमंद यानी ट्रस्टेड मार्क कर सकता है. ऐसा करने के बाद उस बातचीत के लिए चेतावनी हटने और फीचर के दोबारा उसे हाइलाइट नहीं करने की संभावना है. यूजर चाहें तो अपने आखिरी पांच प्राप्त मैसेज व्हाट्सएप के साथ शेयर भी कर सकते हैं. रिपोर्ट के मुताबिक, यह पूरी तरह वैकल्पिक होगा और इसका इस्तेमाल स्कैम डिटेक्शन सिस्टम की सटीकता बेहतर करने के लिए किया जा सकता है.
नए फीचर में प्राइवेसी को लेकर भी खास ध्यान दिया गया है. रिपोर्ट के अनुसार, स्कैम डिटेक्शन चालू होने पर मैसेज का कंटेंट जांच के लिए यूजर के डिवाइस से बाहर नहीं जाएगा. सिर्फ किसी बातचीत को संदिग्ध मान लेने से वह अपने आप व्हाट्सएप, मेटा या किसी अन्य पक्ष को रिपोर्ट नहीं होगी. यूजर जब चाहें स्कैम अलर्ट फीचर को बंद कर सकते हैं. फिलहाल यह फीचर सीमित संख्या में बीटा यूजर्स के लिए वैकल्पिक तौर पर रोलआउट किया गया है.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved