img-fluid

मुंबई को बम से उड़ाने की धमकी देने वाला कौन? अमेरिकी टेक एक्सपर्ट हिरासत में, 1500 फर्जी ईमेल भेजने का शक

November 27, 2026

मुंबई। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई (Mumbai) में बम धमाकों की धमकी देकर दहशत फैलाने के मामले में पुलिस को अहम सुराग मिला है। मुंबई पुलिस (Mumbai Police) को शक है कि अमेरिका में काम कर चुका 28 वर्षीय टेक्निकल एक्सपर्ट शहर के बीएमसी मुख्यालय, मेट्रो स्टेशन, बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE), अदालतों, स्कूलों समेत कई महत्वपूर्ण संस्थानों को धमकी भरे ईमेल भेजने में शामिल था। आरोपी को जुलाई में चेन्नई एयरपोर्ट से तमिलनाडु पुलिस के आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) ने मुंबई पुलिस से मिली जानकारी के आधार पर हिरासत में लिया था। उसकी पहचान तमिलनाडु के तिरुनेलवेली जिले के निवासी शरथ सुब्रमण्यम शंकर के रूप में हुई है। फिलहाल वह तमिलनाडु पुलिस की हिरासत में है।

दो साल में 1500 फर्जी धमकी भरे ईमेल भेजने का संदेह

पुलिस को आशंका है कि शरथ ने पिछले दो वर्षों में देश की अलग-अलग एजेंसियों और संस्थानों को करीब 1500 फर्जी धमकी भरे ईमेल भेजे हैं। मुंबई पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, आरोपी की हिरासत मिलने के बाद उससे विस्तार से पूछताछ की जाएगी, ताकि धमकी भेजने के पीछे का मकसद और अन्य लोगों की संलिप्तता का पता लगाया जा सके।

जांच से जुड़े एक अधिकारी ने बताया कि ईमेल से मिले सुराग के आधार पर मुंबई पुलिस ने आरोपी से संपर्क किया था। बातचीत के दौरान उसे पता नहीं चला कि वह पुलिस अधिकारी से बात कर रहा है। पुलिस के सवालों के जवाब में उसने अपने निजी ईमेल अकाउंट से जानकारी साझा की। इसी आधार पर उसकी पहचान और अन्य विवरण जुटाए गए। यह जानकारी तमिलनाडु पुलिस को दी गई, जिसके बाद अमेरिका से लौटने पर उसे चेन्नई एयरपोर्ट पर पकड़ा गया।



  • धमकी मिलते ही खाली कराने पड़ते थे परिसर

    मुंबई में हर धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद संबंधित परिसर को खाली कराया जाता था और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी जाती थी। बम निरोधक दस्ते, स्निफर डॉग स्क्वॉड, स्थानीय पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीमें मौके पर पहुंचकर जांच करती थीं। कई मामलों में सार्वजनिक सेवाएं भी प्रभावित हुईं। हालांकि, जांच के दौरान अब तक सभी धमकियां फर्जी पाई गईं।

    आरोपी की गिरफ्तारी से पहले 10 जून को बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज को भी धमकी भरा ईमेल मिला था। इसमें बीएसई भवन के अंदर विस्फोटक रखे होने का दावा किया गया था।

    वीपीएन और फर्जी ईमेल अकाउंट से छिपाई पहचान

    पुलिस जांच में सामने आया कि धमकी भरे ईमेल अलग-अलग अकाउंट से भेजे गए थे। भेजने वाले ने वीपीएन और पहचान छिपाने वाली दूसरी डिजिटल तकनीकों का इस्तेमाल किया था। इससे ईमेल भेजने वाले तक पहुंचना पुलिस के लिए चुनौतीपूर्ण हो गया और जांच में देरी हुई।

    इस मामले में उत्तर प्रदेश एटीएस द्वारा गिरफ्तार किए गए 24 वर्षीय अंकित शंखवार की भूमिका की भी जांच की जा रही है। यूपी एटीएस के अनुसार, अंकित फर्जी ईमेल अकाउंट तैयार करने और उन्हें दूसरों को उपलब्ध कराने वाले नेटवर्क से जुड़ा था। शुरुआती जांच में पता चला कि उसके बनाए ईमेल अकाउंट का इस्तेमाल 12 नवंबर को मुंबई के कई प्रमुख संस्थानों को धमकी भेजने में किया गया था।

    बांग्लादेशी नागरिक को ईमेल अकाउंट बेचने का दावा

    यूपी एटीएस का दावा है कि अंकित ने ये ईमेल अकाउंट बांग्लादेश के एक नागरिक को बेचे थे, जिनका बाद में मुंबई में धमकी भेजने के लिए इस्तेमाल किया गया। एजेंसी के मुताबिक, इन अकाउंट की आपूर्ति के बदले अंकित को तुर्किये और मिस्र जैसे देशों से 50 हजार डॉलर यानी करीब 47 लाख रुपये मिले थे। हालांकि, मुंबई पुलिस ने अभी तक इस मामले में अंकित की भूमिका की पुष्टि नहीं की है।

    धमकी के पीछे मकसद तलाश रही पुलिस

    मुंबई क्राइम ब्रांच की क्रिमिनल इंटेलिजेंस यूनिट और विभिन्न स्थानीय पुलिस थानों की टीमें इन मामलों की अलग-अलग जांच कर रही हैं। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर धमकी भेजने के तरीके, इसके पीछे के मकसद और नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी है।

    Share:

  • सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved