बरेली। उत्तर प्रदेश के बरेली (Bareilly) से पति-पत्नी के रिश्ते को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। आरोप है कि पत्नी ने अपने कथित प्रेमी के साथ मिलकर पति को तेजाब (Acid) पिला दिया। गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराए गए व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई। बताया जा रहा है कि पति ने पत्नी को मकान मालिक के साथ कथित तौर पर आपत्तिजनक हालत में देख लिया था। इसके बाद विवाद बढ़ गया और पति ने विरोध किया। मौत से पहले अस्पताल में पुलिस को दिए बयान में पीड़ित ने घटना से जुड़ी जानकारी बताई थी।
मामला बारादरी थाना क्षेत्र के जोगी नवादा इलाके का बताया जा रहा है। मृतक की पहचान इसराइल के रूप में हुई है। करीब 13 साल पहले उसकी शादी गौसिया से हुई थी। परिजनों के मुताबिक, शादी के शुरुआती वर्षों में दोनों के बीच संबंध सामान्य रहे, लेकिन बाद में विवाद शुरू हो गया। परिवार में बंटवारे के बाद इसराइल को उसका हिस्सा मिला और वह घर छोड़कर किराए के मकान में रहने लगा।
परिजनों का आरोप है कि करीब तीन महीने पहले इसराइल को अपनी पत्नी गौसिया और मकान मालिक सलीम के बीच कथित संबंधों की जानकारी हुई। परिवार का दावा है कि एक दिन इसराइल ने दोनों को कथित तौर पर आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था। इस घटना के बाद वह मानसिक रूप से बेहद परेशान हो गया।
बताया गया कि घटना से आहत इसराइल ने आत्महत्या करने की कोशिश भी की थी, लेकिन परिवार के लोगों ने उसे बचा लिया। इसके बाद परिवार में तनाव और बढ़ गया।
बदनामी के डर से हत्या का आरोप
मृतक की मां बारिशा ने आरोप लगाया कि घटना के बाद परिवार की बदनामी होने लगी थी। उनका दावा है कि इसी वजह से बहू ने कथित प्रेमी सलीम के साथ मिलकर इसराइल को रास्ते से हटाने की साजिश रची।
परिजनों के मुताबिक, इसी साजिश के तहत इसराइल को तेजाब पिला दिया गया। हालत बिगड़ने पर उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मौत से पहले पुलिस को बताया था पूरा मामला
परिजनों का कहना है कि अस्पताल में इलाज के दौरान इसराइल ने पुलिस को घटना से संबंधित बयान दिया था। इसी बयान के आधार पर पुलिस मामले की जांच आगे बढ़ा रही है। हालांकि, पत्नी और उसके कथित प्रेमी पर लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
पुलिस ने क्या कहा?
सीओ आशुतोष शिवम के मुताबिक, अस्पताल से पुलिस को एक मेमो मिला था। इसमें बताया गया कि चक मेहमूद, बारादरी निवासी इसराइल की तेजाब पीने के कारण मौत हो गई। मृतक की पत्नी पर उसके कथित प्रेमी के साथ मिलकर उसे तेजाब पिलाने का आरोप लगाया गया है।
पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved