भोपाल न्यूज़ (Bhopal News)

किसानों को संकट के पार निकालेंगे

  • मुख्यमंत्री का ऐलान… 30 हजार रुपए प्रति हेक्टेयर मिलेगी राहत

भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ओला-पाल प्रभावित किसानों के बीच दुख बांटने निकल पड़े हैं। शुक्रवार को वे अशोकनगर जिले के ओला प्रभावित किसानों के बीच पहुंचे। किसानों के बीच मुख्यमंत्री ने कहा है कि बेमौसम हुई बारिश और ओलावृष्टि से प्रभावित हुए किसानों को इस दुख की घड़ी में संकट के पार निकालेंगे। फसलों को हुए नुकसान की राहत राशि एवं बीमा राशि का किसानों को शीघ्र भुगतान करवाया जाएगा। उन्होंने घोषणा करते हुए कहा कि 50 फीसदी से ज्यादा नुकसान होने पर 30 हजार रुपए प्रति हेक्टेयर की राहत राशि दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने किसानों से संवाद करते हुए कहा कि संकट की इस घड़ी में किसानों के दुख दर्द में शामिल होने के लिए ग्राम बजावन में आया हूँ। किसान अपने पसीने से फसलों को सींचता है, तभी अन्न का दाना मिल पाता है। इसी बीच यदि फसलों पर प्राकृतिक आपदा का कहर बरसता है तो फसलें चौपट हो जाती हैं। इससे किसानों के सपने चकनाचूर हो जाते हैं।


मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि फसलों को जो नुकसान पहुंचा है, उसकी भरपाई राहत राशि तथा बीमा राशि दिलाकर पूरी की जाएगी। उन्होंने कमिश्नर एवं कलेक्टर को निर्देश दिए कि फसलों के नुकसान के सर्वे का कार्य 18 जनवरी तक पूर्ण कराया जाए। सर्वे का कार्य पूरी ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ हो। सर्वे उपरांत सूची पंचायतों में लगाई जाए, जिससे संबंधित किसान भी अवगत हो सकें। यदि किसी को आपत्ति हो तो उसका निराकरण किया जा सके। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि जिन किसानों का 50 प्रतिशत से ज्यादा नुकसान हुआ है, उन किसानों को 30 हजार रूपये प्रति हेक्टेयर राहत राशि दिलाई जाएगी। साथ ही फसल बीमा में फसलों को नुकसान हुआ है उसमें 25 प्रतिशत एडवांस राशि तथा शेष 75 प्रतिशत राशि फसल आकलन के उपरांत दिलाई जाएगी। उन्होंने कहा कि मैंने स्वयं खेतों में जाकर फसल नुकसानी का जायजा लिया है।

संकट में साथ देने के लिये ही बना हूँ मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री ने निवाड़ी जिले में असमय वर्षा और ओलावृष्टि से खराब हुई फसलों का मुआयना किया। उन्होंने कहा कि बाहर से फसलें हरी दिखती हैं पर खेत में अंदर जाकर देखो तो कुछ नहीं बचा है। प्रदेश में पृथ्वीपुर सहित जहाँ-जहाँ भी फसलों को नुकसान पहुँचा है, उसकी भरपाई की जायेगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिये कि किसानों को शीघ्रता से राहत राशि का भुगतान करायें। खेतों में फसल का जायजा लेने के बाद किसानों से चर्चा भी की। उन्होंने कहा कि, घबराना मत, मुसीबत का मिलकर मुकाबला करेंगे। आँख में आंसू मत लाना। सभी संकट से बाहर निकाल लूँगा। जहाँ-जहाँ भी ओलावृष्टि से नुकसान हुआ है उसकी भरपाई सरकार करेगी। यदि फसल का 50 प्रतिशत से अधिक नुकसान हुआ है, तो 30 हजार रूपये प्रति हेक्टेयर राहत राशि दी जायेगी। फसल बीमा का लाभ अलग से मिलेगा। साथ ही अल्पकालीन ऋण की वसूली स्थगित की जायेगी और अल्पकालीन फसल ऋण को मध्यकालीन ऋण में बदला जायेगा। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि जनहानि के लिये 4 लाख, गाय-भैंस की मृत्यु पर 30 हजार रूपये और छोटे पशुओं बछड़ा-बछड़ी, बकरा-बकरी तथा मुर्गा-मुर्गी के लिये भी राहत राशि दी जायेगी। यदि मकानों को क्षति हुई है, खपरेल को नुकसान पहुँचा है, तो इसके लिये भी मुआवजा राशि दी जायेगी।

Share:

Next Post

लोगों से पूछकर उनके लिए योजनाएं बनाती है मप्र सरकार

Sat Jan 15 , 2022
जिससे दूसरों का भला हो वही सुशासन : शिवराज भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि गुड गवर्नेंस वह है, जिससे दूसरों का भला हो और किसी को तकलीफ न हो। उन्होंने कहा कि शरीर को कोई कष्ट न हो और लोग आनंद से जी सकें, यही सुशासन है। राम राज्य का मतलब […]