बड़ी खबर

World Tourism Day: विश्व पर्यटन दिवस आज, पर्यटन के मानचित्र पर छाया इंदौर शहर

इंदौर। पर्यटन के मानचित्र पर अब इंदौर तेजी से चमकने लगा है। स्वच्छता वाला शहर अब पर्यटकों के आतिथ्य वाला शहर भी बनता जा रहा है। दिलचस्प यह है कि शहर में आने-जाने वाले मेहमानों की संख्या भी अब लगातार बढ़ रही है। दुनिया की सैर करने की ख्वाहिश रखने वालों की निगाहों में अब इंदौर की खूबसूरती भी बसने लगी है। यहां आने वाले पर्यटकों में केवल अपने ही राज्य के मेहमान नहीं होते बल्कि देश के अन्य राज्यों और विदेश तक के अतिथि शामिल हैं।

पर्यटकों की संख्या बढ़ने की कोई एक वजह नहीं बल्कि कई कारण हैं। पर्यटन विभाग, स्मार्ट सिटी कंपनी, होटल इंडस्ट्री, मेडिकल टूरिज्म और बढ़ते इंफ्लुएंसर के अलावा शहर के नागरिक भी इसमे अहम भूमिका निभा रहे हैं। वर्ष 2022 के मुकाबले वर्ष 2023 में शहर आने वाले पर्यटकों की संख्या में 30 प्रतिशत तक की बढ़त हुई है। शहर में पर्यटकों की बढ़ती संख्या की बड़ी वजह यह भी है कि इंदौर अपने समीप स्थित दो तीर्थों उज्जैन व ओंकारेश्वर के लिए ट्रांजिट पाइंट बना हुआ है।


उज्जैन में श्री महाकाल महालोक बनने के बाद देशभर से जो पर्यटक आ रहे हैं, उनमें से अधिकांश पहले इंदौर पहुंचते हैं और फिर यहां से उज्जैन जाते हैं। इसी तरह ओंकारेश्वर, महेश्वर, मांडवगढ़ जाने के लिए भी पर्यटक इंदौर ही आते हैं। अब तो ओंकारेश्वर में एकात्म धाम भी बन गया है। ऐसे में आने वाले दिनों में पर्यटकों की आवाजाही और बढ़ेगी।

इंदौर अब मध्य प्रदेश के लिए कांफ्रेंस सिटी भी बनता जा रहा है। शहर में होने वाली ग्लोबल इन्वेस्टर मीट, प्रवासी भारतीय सम्मेलन, जी-20 के आयोजन सहित डाक्टरों, अस्पतालों, रियल एस्टेट, होटलों सहित अन्य क्षेत्रों की बड़ी कांफ्रेंस होती रहती हैं। इन आयोजनों के कारण भी शहर में तेजी से पर्यटन बढ़ा है। इसके अलावा स्वच्छता में सतत छह बार सिरमौर बनना भी शहर का आकर्षण बढ़ा रहा है। शहर के स्ट्रीट फूड को हाइजीन के लिए पुरस्कृत करना भी लोगों को स्वाद के साथ-साथ स्वास्थ्य के लिए निश्चिंत करते हुए यहां आने के लिए आकर्षित करता है।

Share:

Next Post

MP Assembly Election: अभी और कड़े फैसले लेगी BJP, कई विधायकों के कट सकते हैं टिकट

Wed Sep 27 , 2023
भोपाल (Bhopal)। मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) विधानसभा चुनावों (MP Assembly Election: ) में भाजपा नेतृत्व (BJP leadership) बड़े चेहरों पर दांव लगाने के साथ बदलाव की भी तैयारी में है। हारी हुई सीटों पर दिग्गज नेताओं को उतारने के बाद पार्टी अब जीती हुई सीटों पर कई बदलाव कर सकती है। पार्टी की रणनीति (party […]