
- महाकाल लोक-रामघाट पर अकेले 33.27 लाख दीपों से रोशन हुआ शिप्रा तट- जनपदों और नगरीय निकायों में भी हुआ आयोजन
उज्जैन। प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर गुरुवार को उज्जैन जिले में सेवा संकल्प अभियान के तहत दीपोत्सव मनाया गया। महाकाल लोक, रामघाट सहित जिले की सभी जनपद पंचायतों और नगरीय निकायों में कुल 38 लाख 24 हजार 16 दीप प्रज्जवलित किए गए।
शाम होते ही हजारों दीपों की रोशनी से उज्जैन का धार्मिक और ग्रामीण अंचल जगमगा उठा। इस दौरान महाकाल लोक-रामघाट पर 33.27 लाख दीप आयोजन का सबसे बड़ा केंद्र महाकाल लोक और रामघाट रहा। यहां 33 लाख 27 हजार 125 दीप जलाए गए। दीपों की कतारों से शिप्रा तट और महाकाल परिसर का दृश्य आकर्षण का केंद्र रहा। बड़ी संख्या में लोगों ने दीप प्रज्वलन में भागीदारी की। ग्रामीण क्षेत्रों में जनपद पंचायत महिदपुर में 75,679, खाचरौद और तराना में 75-75 हजार, बडऩगर में 74,229, घट्टिया में 71 हजार और उज्जैन जनपद पंचायत में 55 हजार दीप जलाए गए। इसके अलावा नगरीय क्षेत्रों में नागदा में 22,500, बडऩगर में 21 हजार, खाचरौद में 11,111, महिदपुर में 10 हजार, तराना में 3,750, उन्हेल में 2,121 और माकड़ोन में 501 दीप प्रज्वलित किए गए। जिला प्रशासन की निगरानी में जनपद पंचायतों, नगरीय निकायों, महाकाल लोक प्रबंधन, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों के सामूहिक सहयोग से आयोजन संपन्न हुआ। प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर आयोजित दीपोत्सव को प्रशासन ने जनभागीदारी, सांस्कृतिक गौरव और सामाजिक एकता से जोड़कर मनाया।