जिले की खबरें देश मध्‍यप्रदेश

48वें खजुराहो नृत्य समारोह आज से

भोपाल। मध्यप्रदेश के विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल खजुराहो (world famous tourist place khajuraho) में 20 से 26 फरवरी 2022 तक 48वाँ ‘खजुराहो नृत्य समारोह का आयोजन किया जा रहा है। राज्यपाल मंगुभाई पटेल आजादी की 75वीं वर्षगांठ पर मनाए जा रहे अमृत महोत्सव में आगामी आज (रविवार) शाम 7.00 बजे इस समारोह का शुभारंभ करेंगे। कार्यक्रम में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री उषा ठाकुर, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री ओमप्रकाश सखलेचा और क्षेत्रीय सांसद विष्णुदत्त शर्मा उपस्थित रहेंगे।

 

संस्कृति एवं पर्यटन विभाग के प्रमुख सचिव शिव शेखर शुक्ला ने बताया कि 48वां ‘खजुराहो नृत्य समारोह-2022’ पिछले वर्ष की भांति इस वर्ष भी मंदिर प्रांगण की आभा बनेगा। यह भगवान की भक्ति और नृत्य का बेजोड़ संगम होगा। नृत्य समारोह में देश एवं विश्व के विख्यात कलाकार अपनी नृत्य प्रस्तुतियां देंगे। नृत्य के लिए राष्ट्रीय कालिदास सम्मान और मध्यप्रदेश राज्य रूपंकर कला पुरस्कार भी समारोह में प्रदान किए जाएंगे।

 

उन्होंने बताया कि समारोह में भारतीय नृत्य-शैलियों के सांस्कृतिक परिदृश्य एवं कला-यात्रा की प्रदर्शनी कथक पर एकाग्र-नेपथ्य, भारत सहित विश्व के अन्य देशों की कला प्रदर्शनी आर्ट-मार्ट, कलाकार और कलाविदों का संवाद-कलावार्ता, वरिष्ठ चित्रकार श्री लक्ष्मीनारायण भावसार की कला अवदान पर एकाग्र प्रदर्शनी- प्रणति, देशज ज्ञान एवं परम्परा का मेला-हुनर के साथ कला परंपरा और कलाकारों पर केन्द्रित फिल्मों का उपक्रम-चलचित्र जैसे प्रमुख आयोजन होंगे।



 

राष्ट्रीय कालिदास सम्मान और राज्य रूपंकर कला पुरस्कार अलंकरण

शुक्ला ने बताया कि समारोह में राष्ट्रीय कालिदास सम्मान, नृत्य के लिए सुनयना हजारी लाल को वर्ष 2019-20 और शांता-वी.पी. धनंजयन को वर्ष 2020-21 के लिए प्रदान किया जाएगा। साथ ही राज्य रूपंकर कला पुरस्कार वर्ष 2022 के लिए प्रदान किए जाएंगे एवं उनकी कृतियों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।

 

सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ पर्यटन गतिविधियों का लें आनंद

प्रमुख सचिव शुक्ला ने बताया कि प्रदेश की संस्कृति, पर्यटन का प्रमुख आधार है। सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लेने के साथ कला प्रेमी पर्यटन का लुफ्त भी उठाएँगे। पर्यटन विभाग ने पर्यटकों के लिए क्षेत्र विशेष की संस्कृति, धरोहर, परंपराओं, रीति-रिवाजों और खान-पान से रू-ब-रू कराने सभी आवश्यक इंतजाम किए है। उत्सव में हेरिटेज रन, ग्लेम्पिंग विलेज टूर, वाटर राफ्टिंग, ई बाइक टूर, खजुराहो के आस-पास भ्रमण जैसी रोचक गतिविधियों में हिस्सा लेने के साथ स्थानीय संस्कृति, कला और स्थानीय बुंदेली व्यंजनों के स्वाद से पर्यटक परिचित होंगे।

 

समारोह में होगी आकर्षक नृत्य प्रस्तुतियां

खजुराहो नृत्य समारोह के पहले दिन स्व. पंडित बिरजू महाराज के शिष्य कलाश्रम नई दिल्ली द्वारा कत्थक समूह और शांता-वी.पी. धनंजयन और साथियों द्वारा भरतनाट्यम समूह नृत्य की प्रस्तुति दी जाएगी। दूसरे दिन सुजाता महापात्रा भुवनेश्वर द्वारा ओडीसी, निरुपमा राजेंद्र बेंगलुरु द्वारा भरतनाट्यम कथक समागमा और जयरामा राव एवं साथी दिल्ली द्वारा कुचिपुड़ी समूह नृत्य की प्रस्तुति दी जाएगी। तीसरे दिन 22 फरवरी को नीना प्रसाद त्रिवेंद्रम द्वारा मोहिनीअट्टम, पार्श्वनाथ उपाध्याय बेंगलुरु द्वारा भरतनाट्यम समूह और टीना तांबे मुंबई द्वारा कथक नृत्य की प्रस्तुति दी जाएगी।

 

वहीं, चौथे दिन सोनिया परचुरे मुंबई द्वारा कत्थक, कलामंडलम सुनील एवं पेरिस लक्ष्मी कोट्टायम केरल द्वारा कथकली-भरतनाट्यम, रागिनी नगर नई दिल्ली द्वारा कथक और दानुका अर्यावंसा श्रीलंका द्वारा उदारता नेतुमा नृत्य की प्रस्तुति दी जाएगी। पाँचवे दिन वसंत किरण एवं साथी कादिरी आंध्र प्रदेश द्वारा कुचिपुड़ी समूह नृत्य, शर्वरी जमेनिस और साथी पुणे द्वारा कथक और संध्या पूरेचा एवं साथी मुंबई द्वारा भरतनाट्यम समूह नृत्य की प्रस्तुति दी जाएगी। छठवें दिन देविका देवेंद्र एस मंगलामुखी जयपुर द्वारा कथक, रुद्राक्ष फाउंडेशन भुवनेश्वर द्वारा ओडिसी समूह और नयनिका घोष एवं साथी दिल्ली द्वारा कथक समूह नृत्य की प्रस्तुति दी जाएगी। समारोह के अंतिम दिन 26 फरवरी को श्वेता देवेंद्र एवं क्षमा मालवीय भोपाल द्वारा भरतनाट्यम-कथक, तपस्या इंफाल द्वारा मणिपुरी समूह और शमा भाटे एवं साथी पुणे द्वारा कथक समूह नृत्य की प्रस्तुति दी जाएगी।

 

समारोह के खास मेहमान होंगे कई देशों के राजदूत

प्रमुख सचिव शुक्ला ने बताया कि आकर्षक और मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियों के कारण खजुराहो नृत्य समारोह देश के साथ ही विदेशों में भी अपनी अलग पहचान बना रहा है। 48वें खजुराहो नृत्य समारोह की प्रस्तुतियों के साक्षी बनने के लिए कई देशों के राजदूत और उच्चायुक्त सहपरिवार खजुराहो पहुंच रहे हैं। वियतनाम, ब्रूनेई, फिनलैंड, मलेशिया और लाओ के राजदूत और उच्चायुक्त के साथ ही अन्य 3 देशों के हेड ऑफ मिशन खजुराहो नृत्य समारोह के शुभारंभ में सम्मिलित होंगे।

 

सभी कलाप्रेमी और पर्यटक हैं आमंत्रित

प्रमुख सचिव शुक्ला ने सभी कला प्रेमियों, पर्यटकों और आमजनों को वैश्विक स्तर के खजुराहो नृत्य समारोह का हिस्सा बनने के लिए सादर आमंत्रित किया है। भारतीय शास्त्रीय नृत्य शैलियों पर केन्द्रित यह देश का शीर्षस्थ समारोह है, जो राष्ट्रीय तथा अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर ख्याति प्राप्त है। समारोह में सभी दर्शकों का प्रवेश निःशुल्क रहेगा। समारोह का सीधा प्रसारण कल्चर डिपार्टमेंट के यूट्यूब और खजुराहो डांस फेस्टिवल के फेसबुक पेज एवं यूट्यूब पर किया जाएगा।

 

Share:

Next Post

पुलिस की वर्दी में पहुंचे बदमाशों ने मुस्लिम छात्र को छत से नीचे फेंका, हुई मौत, मचा हंगामा

Sun Feb 20 , 2022
नई दिल्ली: कोलकाता (Kolkata) से सटे हावड़ा के आमता थाना क्षेत्र में एक दुस्साहसिक घटना सामने आई है. यहां के शारदा दक्षिण खान पाड़ा इलाके में सिविल और पुलिस (Police) की वर्दी में पहुंचे चार बदमाशों ने एक छात्र नेता को तीन मंजिला मकान से नीचे फेंककर उसकी हत्या कर दी. यह घटना शुक्रवार देर […]