
इंदौर। एडवेंजर के लिए लेकर गई एक कंपनी का कर्मचारी खोह में गिर गया। 5 घंटे बाद उस तक मदद पहुंची, तब तक उसकी मौत हो गई। आरोप है कि हादसे के दौरान मौजूद छात्र-छात्राओं ने खाई में गिरे कर्मचारी की मदद नहीं की, जिसके चलते उसकी जान नहीं बच पाई।
आरंभ एडवेंचर नामक संस्था सोशल मीडिया के माध्यम से युवक-युवतियों के लिए टूर का आयोजन करती है। कल सुबह 40 छात्रों और 30 छात्राओं को कम्पैल की गिदिया खो में एडवेंचर के लिए ले जाया गया था। उक्त खो तक जाने के लिए करीब 3 किलोमीटर पैदल दुर्गम रास्तों और पहाड़ी से होकर जाना पड़ता है। वहां मोबाइल का नेटवर्क भी नहीं मिलता। कल सुबह 11 बजे सभी छात्र-छात्राएं खो के समीप अपने-अपने हिसाब से पिकनिक इंजाय कर रहे थे। इसी बीच आरंभ एडवेंचर का कर्मचारी यश उर्फ लक्की पिता प्रकाश बौरासी खो में गिर गया। उसे जैसे-तैसे उसके साथी जय ने निकाला, लेकिन घायल यश को पहाड़ी से ऊपर लाना संभव नहीं था। जय पहाड़ी के ऊपर दौड़ता आया और फिर मदद के लिए मोबाइल से फोन लगाया। वापस मदद पहुंचने में शाम के चार बज गए, तब तक यश दम तोड़ चुका था। यश के रिश्तेदारों का कहना है कि टूर पर गए छात्र-छात्राएं अगर समय पर उसे ऊपर ले आते तो उसकी जान नहीं जाती। परिजन का यह भी कहना है कि मौके पर पहुंची एंबुलेंस का डॉक्टर भी खो तक जाने में आनाकानी करने लगा।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved