
लखनऊ। आम आदमी पार्टी के उत्तर प्रदेश प्रभारी और सांसद संजय सिंह ने शनिवार को कहा कि पार्टी छह माह में 10 हजार तिरंगा शाखा बनाएगी। इसकी शुरुआत एक जुलाई से होगी। संगठन को मजबूत करने के लिए 30 घरों पर एक मोहल्ला प्रभारी बनाया जाएगा। संगठनात्मक सक्रियता के बाद पार्टी सभी वार्ड सदस्य, चेयरमैन और मेयर का चुनाव लड़ेगी।
मीडिया से मुखातिब संजय सिंह ने कहा कि भाजपा नफरत फैलाकर देश को कमजोर कर रही है। महंगाई आसमान छू रही है। बेरोजगारी के कारण यूपी का नौजवान फांसी लगा रहा है पर इस पर चर्चा नहीं हो रही है। स्कूलों व अस्पतालों की बदहाली खुद भाजपा के मंत्री स्वीकार रहे हैं।
बिजली संकट से पूरा प्रदेश त्राहि-त्राहि कर रहा है। कोयला कमी का बहाना बनाकर अडानी को फायदा पहुंचाने को आरोप लगाते हुए इसकी जांच की मांग की। आरोप लगाया कि 14 हजार एकड़ भूमि अडानी को दी गई। प्रदेश में तमाम नेताओं का जमीनों पर अतिक्रमण है। लेकिन वहां बुलडोजर नहीं चलाया जा रहा है।
उन्होंने मांग की कि गरीबों के बजाय पहले नेताओं, अधिकारियों द्वारा किए गए कब्जे हटवाए जाएं। उन्होंने बताया कि तिरंगा शाखाओं में भारत का तिरंगा लगाकर कस्बों, शहरों व पार्कों में भारत का संविधान पढ़ा जाएगा। जो सभा आयोजित होगी उसमें बाबा साहब, महात्मा गांधी, शहीद भगत सिंह आदि महापुरुषों पर चर्चा होगी।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved