इंदौर न्यूज़ (Indore News)

थम नहीं रहा सर्दी का सितम

  • कल भी 18 किलोमीटर की रफ्तार से चलीं हवाएं, सुबह से रात तक रही ठिठुरन
  • कल भी ऐसा ही रहेगा मौसम, परसों से फिर बढ़ेगा तापमान

इंदौर। शहर में सर्दी का सितम थमने का नाम नहीं ले रहा है। कल लगातार दूसरा दिन कोल्ड डे रहा, वहीं बीती रात लगातार तीसरी ऐसी रात थी, जब तापमान 9 डिग्री के नीचे बना हुआ था। कल भी सुबह से ही ठंड की चुभन बनी हुई थी, वहीं दिन में धूप के कारण थोड़ी राहत मिली, लेकिन सूरज ढलते ही बर्फीली हवाओं का असर नजर आने लगा। रात के साथ पारा और गिरता गया। आज भी सुबह से ठंडी हवाओं के कारण ठिठुरन बनी हुई है।

विमानतल स्थित मौसम केंद्र के मुताबिक कल दिन का अधिकतम तापमान 22.3 डिग्री रहा, जो सामान्य से 5 डिग्री कम था, वहीं रात का न्यूनतम तापमान 8.6 डिग्री रहा, जो सामान्य से 1 डिग्री कम था। पिछले दिनों की बात करें तो शनिवार की रात तापमान 8.2 डिग्री और सोमवार रात 8.8 डिग्री रहा था। इस तरह लगातार तीन रातों से तापमान 9 डिग्री के नीचे जमा हुआ है, वहीं कल भी दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से 5 डिग्री कम होने पर कोल्ड डे यानी शीतल दिन घोषित किया गया। कल दिन में उत्तर-पूर्वी हवाएं 18 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से चलीं, वहीं आज सुबह से हवाओं का रुख पूर्वी रहा और इनकी अधिकतम गति 16 किलोमीटर रिकार्ड की गई है।


26 जनवरी से फिर तीखी ठंड
मौसम विभाग के अनुसार कश्मीर सहित उत्तर भारत से टकराए एक पश्चिमी विक्षोभ के कारण वहां पिछले कुछ दिनों से पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी हो रही है और मैदानी इलाकों में भी तापमान बहुत कम हो चुका है। इंदौर आ रही हवाओं का रुख उत्तरी होने के कारण इंदौर में भी तापमान में काफी गिरावट बनी हुई है, लेकिन संभावना है कि कल के बाद तापमान में बढ़ोतरी होगी और दिन का तापमान 26 से 28 डिग्री और रात का 12 से 13 डिग्री के बीच पहुंचेगा, वहीं 26 जनवरी के बाद एक बार फिर तापमान में गिरावट शुरू होगी, जो माह के अंत तक बनी रहेगी।

Share:

Next Post

Bigg Boss : प्रियंका की गद्दी पर कब्जा करने के लिए तैयार सुंबुल

Tue Jan 17 , 2023
मुंबई (Mumbai)। टीवी का विवादित रियलिटी शो बिग बॉस (TV’s controversial reality show Bigg Boss) का 16वां सीजन अब अपने फिनाले की ओर बढ़ गया है। सलमान खान (salman khan) का का विवादित रियलिटी शो बिग बॉस (Bigg Boss) का 16वां सीजन शुरुआती दिनों में काफी बोरिंग चल रहा था लेकिन अब इस शो में […]