
भोपाल। विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने माइंड गेम खेलते हुए बड़ा दावा किया। कांग्रेस ने कहा कि भाजपा और संघ के अंदरूनी सर्वे के अलावा विभिन्न मीडिया द्वारा कराए गए सर्वे में मध्यप्रदेश में कांग्रेस की सरकार बन रही है, जबकि भाजपा को 60 से भी कम सीटें मिलती नजर आ रही हैं। कांग्रेस ने कहा कि मध्यप्रदेश में भाजपा की 18 वर्षों की देनदारियां और सरकार की कई अधूरी घोषणाएं हैं, जो गंभीर सत्ता विरोधी लहर का रूप ले चुकी है। 2023 में संघ के सर्वे में भाजपा को 103 सीटें मिलती दिखाई गई थीं। मार्च 2023 में इंटेलिजेंस के गोपनीय सर्वे में भाजपा को 80 से कम सीटें मिलती बताई जा रही हैं।
कांग्रेस सरकार बनी तो महाकाल दर्शन फ्री
मध्यप्रदेश के पूर्व मंत्री जयवर्धनसिंह ने कहा कि अगर राज्य में कांग्रेस की सरकार बनती है तो महाकाल दर्शन फ्री कराए जाएंगे। वर्तमान में महाकाल दर्शन, स्पर्श करने और एक लोटा जल चढ़ाने के नाम पर 750 रुपए, वीआईपी दर्शन के 250 और भस्मारती में शामिल होने के लिए 200 रुपए चुकाना पड़ते हैं। कांग्रेस सरकार बनने पर यह सारे शुल्क हटा दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सरकार बनते ही महाकाल लोक में हुए भ्रष्टाचार की उच्च स्तरीय जांच कराई जाएगी।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved