
इन्दौर (Indore)। बरसात के चलते कल दोपहर और रात में दीवार और स्कूल की इमारत गिरने की घटना हुई, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया है। बताया जा रहा है कि स्कूल का भवन पुराना और जर्जर था। गनीमत रही कि दिन में यह हादसा नहीं हुआ, वरना जान-माल का नुकसान हो सकता था। अर्जुन पिता सेवाराम परमार निवासी लसूडिय़ा मोरी की इलाज के दौरान मौत हो गई। बताया जा रहा है कि अर्जुन देवास नाका स्थित सूर्या कंपनी के गोदाम में साथी मजदूर के साथ मजदूरी करने गया था। गोदाम में एक ट्रक आया था, जिसे वह साइड दिखाकर पार्क करवा रहा था। इसी बीच गोदाम के ऊपर की दिवार गिरी और दोनों इसकी चपेट में आ गए। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां अर्जुन की मौत हो गई। वह घर में कमाने वाला एकमात्र व्यक्ति था। अर्जुन के पिता की आंखें खराब हैं। पुलिस पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को शव सौंपेगी, साथ ही जांच करेगी कि कहीं लापरवाही के चलते मौत तो नहीं हुई।
स्कूल गिरने के बाद दबे व्यक्ति को लोगों ने बाहर निकाला
कल रात करीब 12 बजे मल्हारगंज स्थित गली नंबर 5 में सिंधी स्कूल की इमारत भरभराकर गिर गई। स्कूल के पास सो रहा एक व्यक्ति उसमें दब गया। घटना के बाद आसपास के लोग जमा हुए और व्यक्ति को मलबे से बाहर निकाला। बताया जा रहा है कि रात होने के चलते स्कूल के आसपास ज्यादा लोगों की भीड़ नहीं थी, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। स्थानीय रहवासी नंदकिशोर वर्मा ने बताया कि उक्त स्कूल में फिलहाल बच्चों को नहीं पढ़ाया जा रहा था। स्कूल की बिल्डिंग पुरानी थी। आज नगर निगम की टीम संभवत: मलबा हटाएगी।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved