
इंदौर। शहर (Indore City) के खेल प्रेमियों के लिए नेहरू स्टेडियम (Nehru Stadium) में क्रिकेट अभ्यास (Cricket Practice) हेतु पाँच आधुनिक टर्फ पिचों (Turf Pitches) का शुभारंभ किया गया। 11 लाख 45 हजार रुपये की लागत से तैयार की गई इन पिचों का उद्घाटन महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने किया। इस अवसर पर विधायक महेंद्र हार्डिया, एमआईसी सदस्य एवं खेल प्रभारी नंदकिशोर पहाड़िया, पार्षद पति अनिल गोहर एवं आईडीसीए अध्यक्ष देवाशीष निलोसे विशेष रूप से उपस्थित रहे।
महापौर पुष्यमित्र भार्गव (Pushyamitra Bhargava) ने बताया कि आने वाले समय में नेहरू स्टेडियम को अंतरराष्ट्रीय स्तर का खेल परिसर बनाने की दिशा में नगर निगम लगभग 600 करोड़ रुपये की विकास योजना पर कार्य करेगा। उन्होंने कहा कि इंदौर खेलों का केंद्र बन रहा है और नगर निगम का उद्देश्य खिलाड़ियों को उत्कृष्ट सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
खेल प्रभारी नंदकिशोर पहाड़िया ने बताया कि नगर निगम पहली बार शहर के 16 शासकीय स्कूलों में खेल मैदान विकसित कर रहा है, जिनमें से चार मैदान बनकर तैयार हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि निगम का लक्ष्य है कि हर बच्चे को स्कूल स्तर से ही खेलों की बेहतर सुविधाएं मिल सकें। इस अवसर पर नगर निगम अधिकारियों, खेल प्रेमियों, कोचों और युवा क्रिकेटरों की बड़ी संख्या उपस्थित रही। कार्यक्रम में सभी ने नई टर्फ पिचों का निरीक्षण किया और स्टेडियम के विकास को लेकर महापौर की घोषणा का स्वागत किया।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved