
भोपाल। मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) में सर्दी (Cold) एक बार फिर जोर पकड़ने लगी है। बीती रात प्रदेश के 14 शहरों में तापमान (Temperature) 10 डिग्री सेल्सियस से भी नीचे दर्ज किया गया। छतरपुर के नौगांव में सबसे कम 6.1 डिग्री तापमान रहा, जबकि राज्य के इकलौते हिल स्टेशन पचमढ़ी में पारा 6.4 डिग्री तक गिर गया। राजधानी भोपाल में पिछले दो दिनों से लगातार शीतलहर का असर दिख रहा है। कई जिलों में सुबह कोहरे की चादर भी देखने को मिल रही है। शनिवार को भी भोपाल में ठंडी हवाएं चलती रहीं। दिन का अधिकतम तापमान 25.5 डिग्री रहा। मौसम वैज्ञानिक के अनुसार, प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक हालात इसी तरह बने रहेंगे। दिसंबर के शुरुआती सप्ताह से दोबारा कड़ाके की ठंड बढ़ेगी, जिसका असर जनवरी तक जारी रह सकता है।
शुक्रवार-शनिवार की रात कई शहरों में तापमान में तेज गिरावट दर्ज की गई। भोपाल में न्यूनतम तापमान गिरकर 8.6 डिग्री पर पहुंच गया। इंदौर में 10.4 डिग्री, ग्वालियर में 10.5 डिग्री, उज्जैन में 14 डिग्री और जबलपुर में 10.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। नौगांव और पचमढ़ी के बाद कल्याणपुर 7.1 डिग्री, उमरिया और अमरकंटक 7.6 डिग्री, रीवा 7.8 डिग्री, मलाजखंड 8.7 डिग्री, राजगढ़ और खजुराहो 9 डिग्री, मंडला और छिंदवाड़ा 9.4 डिग्री, दमोह 9.5 डिग्री और बैतूल 9.7 डिग्री पर रहा।
उत्तरी भारत में एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है, जिससे पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी बढ़ेगी। इसके बाद कुछ दिनों में वही ठंडी हवाएं मध्य प्रदेश की ओर रूख करेंगी, जिससे प्रदेश में पारा और नीचे जा सकता है। इन दिनों कई शहरों में कोहरे की स्थिति भी बनी हुई है। भोपाल में रात से ही धुंध फैलने लगती है और सुबह विजिबिलिटी 1 से 1.5 किलोमीटर तक रह जाती है। रविवार को भी कोहरा रहने का अनुमान है।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved