
डेस्क: मणिपुर के चुराचांदपुर शहर में रविवार को भारी तनाव के बीच कुकी जो काउंसिल (KZC) के अध्यक्ष एच थांगलेट के घर में भीड़ ने घुसने की कोशिश की. बताया जाता है कि इस दौरान भीड़ को रोकने के लिए हवाई फायरिंग करनी पड़ी. इसके बाद भीड़ वहां से तितर-बितर हो गई. भीड़ के वहां से जाने के बाद एच थांगलेट ने राहत की सांस ली.
दरअसल, रविवार को कुकी जो काउंसिल के अध्यक्ष एच थांगलेट के घर में कथित तौर कुछ उग्रवादी छिपे होने की खबर सामने आई थीं. इस बात से नाराज होकर युवाओं ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया. बताया जाता है कि रविवार दोपहर को भीड़ ने अध्यक्ष के घर पर पथराव करते हुए अंदर घुसने की कोशिश की. इस दौरान मौके पर मौजूद सुरक्षा बलों ने आंसू गैस के गोले छोड़कर भीड़ को वहां से पीछे खदेड़ दिया. इसके बाद कुछ युवाओं ने घर में घुसने की कोशिश की तो पुलिस को उन पर हल्का बल प्रयोग करना पड़ा.
हालांकि, रविवार रात को युवाओं ने एक बार फिर अध्यक्ष के घर में जबरन घुसने का प्रयास किया. स्थिति बिगड़ती देख वहां मौजूद लोगों ने भीड़ को डराने और पीछे हटाने के लिए हवा में गोलियां चलाईं. जिसके बाद भीड़ वहां से पीछे भाग खड़ी हुई. यह घटना ऐसे समय में हुई है जब एक दिन पहले ही मणिपुर के मुख्यमंत्री वाई खेमचंद सिंह ने मेईती और कुकी समुदाय के बीच विश्वास बहाली के प्रयास के तहत गुवाहाटी में नागरिक संस्था कुकी जो परिषद के साथ बातचीत की थी.
अधिकारियों ने आगे बताया कि कुछ प्रदर्शनकारियों चुराचांदपुर शहर के पास तुइबोंग इलाके में भी हंगामा किया. कुछ लोगों ने सड़क पर टायर जलाकर अपना विरोध जताया. सुरक्षा बलों ने यहां भी आंसू गैस का इस्तेमाल किया और प्रदर्शनकारियों को वहां से हटाया. फिलहाल इलाके में सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी गई है और अधिकारी स्थिति पर नजर रख रहे हैं.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved