
नई दिल्ली। अगर आप क्रेडिट कार्ड (Credit Card) का इस्तेमाल करते हैं, तो 1 अप्रैल 2026 से लागू होने जा रहे नए नियम (New Rules) आपके लिए अहम साबित हो सकते हैं। आयकर कानून 2025 (Income Tax Law) के तहत प्रस्तावित ये बदलाव क्रेडिट कार्ड के उपयोग को ज्यादा पारदर्शी और निगरानी में लाने के उद्देश्य से किए जा रहे हैं। खासतौर पर पैन लिंकिंग और बड़े लेनदेन पर नजर सख्त की जाएगी।
हालांकि आम उपयोगकर्ताओं पर इनका ज्यादा असर नहीं पड़ेगा, लेकिन ज्यादा खर्च करने वालों और विदेश यात्रा करने वाले लोगों पर इसका सीधा प्रभाव देखने को मिल सकता है।
सबसे बड़ा बदलाव हाई वैल्यू ट्रांजैक्शन को लेकर है। नए नियमों के तहत अगर किसी वित्तीय वर्ष में आपके क्रेडिट कार्ड से कुल खर्च 10 लाख रुपये या उससे अधिक होता है, तो बैंक इसकी जानकारी आयकर विभाग को दे सकते हैं। विदेश में किए गए बड़े खर्च भी निगरानी में रहेंगे। यदि आपका खर्च आपकी घोषित आय से अधिक पाया गया, तो आपको आयकर विभाग से नोटिस मिल सकता है।
दूसरा बड़ा बदलाव पैन कार्ड को लेकर है। 1 अप्रैल 2026 से नया क्रेडिट कार्ड लेने के लिए पैन नंबर अनिवार्य होगा। साथ ही, मौजूदा कार्डधारकों को भी अपने क्रेडिट कार्ड को पैन से लिंक कराना होगा। इससे आपकी वित्तीय पहचान और ट्रांजैक्शन सीधे टैक्स सिस्टम से जुड़ जाएंगे।
तीसरा नियम उन लोगों पर लागू होगा, जिन्हें कंपनी की ओर से क्रेडिट कार्ड मिला है। अगर ऐसे कार्ड का उपयोग निजी खर्चों जैसे शॉपिंग, यात्रा या मनोरंजन के लिए किया जाता है, तो उस खर्च को टैक्स योग्य आय माना जा सकता है। यानी यह राशि आपके वेतन में जोड़कर उस पर टैक्स लगाया जा सकता है। ऐसे में आपको खर्च से जुड़े जरूरी बिल और दस्तावेज संभालकर रखने होंगे।
चौथा बदलाव एक नई सुविधा से जुड़ा है। प्रस्ताव के अनुसार, अब क्रेडिट कार्ड के जरिए भी आयकर का भुगतान किया जा सकेगा। इससे नकदी की कमी होने पर भी टैक्स भरना आसान होगा। हालांकि, इस सुविधा का उपयोग करते समय प्रोसेसिंग फीस और ब्याज जैसे अतिरिक्त शुल्कों का ध्यान रखना जरूरी होगा।
पांचवां बदलाव दस्तावेज़ी प्रक्रिया को आसान बनाता है। अब क्रेडिट कार्ड स्टेटमेंट को पते के प्रमाण के रूप में इस्तेमाल किया जा सकेगा, बशर्ते उसमें सही और अपडेटेड पता दर्ज हो। इससे पैन कार्ड के लिए आवेदन या उसमें बदलाव करना आसान हो जाएगा।
कुल मिलाकर, ये नए नियम क्रेडिट कार्ड के उपयोग को अधिक पारदर्शी बनाने और टैक्स अनुपालन को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम माने जा रहे हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved