
चाईबासा। झारखंड के चाईबासा सदर अस्पताल से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। अस्पताल के ब्लड बैंक की लापरवाही की वजह से 5 मासूम बच्चे HIV संक्रमण का शिकार हो गए। अब इस मामले को लेकर झारखंड हाई कोर्ट में एक याचिका दायर की गई है।
यह घटना अक्टूबर 2025 की है। ये पांचों बच्चे (जिनकी उम्र 5 से 7 साल के बीच है) थैलेसीमिया मेजर नाम की बीमारी से जूझ रहे हैं। इस बीमारी में बच्चों को हर महीने शरीर में नया खून चढ़वाना पड़ता है।
आरोप है कि चाईबासा सदर अस्पताल में इन बच्चों को जो खून चढ़ाया गया, वह पहले से संक्रमित था। लापरवाही का पता तब चला जब एक 7 साल के बच्चे की रिपोर्ट HIV पॉजिटिव आई, जबकि उसके माता-पिता दोनों की रिपोर्ट नेगेटिव थी। इससे यह साफ हो गया कि संक्रमण अस्पताल में खून चढ़ाने के दौरान ही फैला है।
बच्चों के परिवारों की ओर से वकील मोहम्मद शादाब अंसारी ने याचिका दायर कर ये मांगें रखी हैं-
झारखंड सरकार ने पहले ही इस मामले में कुछ अधिकारियों को निलंबित किया है और 2 लाख रुपये की आर्थिक मदद देने की घोषणा की है। हालांकि, याचिका में कहा गया है कि यह मदद “ऊंट के मुंह में जीरा” के समान है।
याचिका में सुप्रीम कोर्ट के पुराने फैसलों का हवाला देते हुए कहा गया है कि यह संविधान के अनुच्छेद 21 (जीवन का अधिकार) का उल्लंघन है। अस्पताल की इस गंभीर लापरवाही के लिए राज्य सरकार पूरी तरह जिम्मेदार है।
ये बच्चे आदिवासी और पिछड़े (OBC) समुदायों से हैं। इनके माता-पिता दिहाड़ी मजदूर हैं और बेहद गरीबी में जी रहे हैं। HIV संक्रमण की खबर फैलने के बाद इन परिवारों को सामाजिक बहिष्कार और घरों से निकाले जाने जैसी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved