
इंदौर। इंदौर के व्यस्त तीन इमली बस स्टैंड पर अपराधियों ने ठगी और लूट का एक नया तरीका अपनाया है। यहाँ मदद मांग रही एक युवती पर भरोसा करना एक यात्री को भारी पड़ गया। युवती ने पहले यात्री को बातों में फंसाकर सुनसान जगह पर बुलाया और फिर अपने दो साथियों के साथ मिलकर उसे लूट लिया। आरोपियों ने युवक को शोर मचाने पर बदनाम करने की धमकी भी दी। हालांकि, आजाद नगर पुलिस ने इस गैंग का पर्दाफाश करते हुए तीनों को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना 3 मई की रात करीब 11 बजे की है, जब खंडवा रोड निवासी झहर सिंह बस स्टैंड पर खड़ा होकर बस का इंतजार कर रहे थे। तभी रोशनी नाम की एक युवती अपने बच्चे के साथ उनके पास पहुँची और मदद मांगी। झहर सिंह इंसानियत के नाते उसकी मदद करने के लिए बस स्टैंड के पीछे सुलभ शौचालय की ओर चले गए, लेकिन उन्हें अंदाजा नहीं था कि वहां लूट का जाल बिछा हुआ है।जैसे ही झहर सिंह वहां पहुँचे, रोशनी के पति सुनील और मोनू ने उन्हें घेर लिया। आरोपियों ने झहर सिंह को थप्पड़ मारे और धमकी दी कि अगर शोर मचाया तो वे उन्हें बदनाम कर देंगे। डर और दहशत के बीच आरोपियों ने उनकी जेब से 26 हजार रुपये नगद और एक कीमती मोबाइल छीन लिया। आजाद नगर पुलिस ने शिकायत मिलते ही घेराबंदी की और कस्तूरबा ग्राम के रहने वाले इन तीनों लुटेरों को धर दबोचा। फिलहाल सभी आरोपीयों से पुलिस पूछताछ कर रही है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved