
इंदौर | मालवा-निमाड़ की राजनीति के एक सशक्त स्तंभ और इंदौर (Indore) विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-3 से पूर्व विधायक (former MLA) रहे अश्विन जोशी (Ashwin Joshi) का आज निधन हो गया। वे पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे। सोडियम का स्तर अत्यधिक कम होने के कारण उनकी स्थिति गंभीर हो गई थी, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए शहर के शेल्बी अस्पताल (Shelby Hospital) में भर्ती कराया गया था।
अस्पताल में उपचार के दौरान स्थिति में सुधार नहीं हुआ और उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से इंदौर के राजनीतिक गलियारों और कांग्रेस पार्टी में शोक की लहर दौड़ गई है।
अमेरिका से पुत्र के आने के बाद होगा अंतिम संस्कार. पारिवारिक सूत्रों और उनके भाई संजय जोशी से प्राप्त जानकारी के अनुसार, अश्विन जोशी का पार्थिव देह फिलहाल अस्पताल में रखा गया है। उनका अंतिम संस्कार उनके पुत्र के अमेरिका से इंदौर लौटने के बाद किया जाएगा। अंतिम यात्रा और संस्कार के समय की जानकारी परिवार द्वारा जल्द ही साझा की जाएगी।
एक जुझारू नेता की पहचान
अश्विन जोशी को इंदौर में एक जुझारू और मुखर नेता के रूप में जाना जाता था। उन्होंने लंबे समय तक कांग्रेस के लिए धरातल पर काम किया और विधायक के रूप में क्षेत्र की जनता की समस्याओं को हमेशा प्रमुखता से उठाया। उनके निधन को कांग्रेस पार्टी के लिए एक अपूरणीय क्षति माना जा रहा है। अश्विन जोशी के निधन पर शहर के विभिन्न जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों ने अपनी शोक संवेदनाएं व्यक्त की हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved