
इंदौर। इंदौर (Indore) में यातायात पुलिस (Traffic Police) और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच विवाद ने शुक्रवार को बड़ा राजनीतिक रूप ले लिया। विधानसभा क्रमांक-4 की विधायक मालिनी गौड़ (MLA Malini Gaud) के समर्थकों ने महू नाका चौराहे पर चक्का जाम कर जोरदार प्रदर्शन किया, प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि यातायात पुलिसकर्मियों ने भाजपा के विधानसभा प्रभारी वीरेंद्र शेंडगे (Virendra Shendge) के साथ बदतमीजी और मारपीट की है। घटना के विरोध में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता सड़क पर उतर आए और कुछ देर के लिए यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।
प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने यातायात पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग की। चक्का जाम के कारण महू नाका चौराहे और आसपास के इलाकों में वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। इस दौरान एक पुलिसकर्मी जब चौराहे से बिना हेलमेट पहने निकलने लगा तो बीजेपी नेताओं ने उसे घेरकर करवाई की माग की।
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और कार्यकर्ताओं को समझाइश देकर स्थिति को नियंत्रित किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए ट्रैफिक कॉन्स्टेबल शेखर और सूबेदार लक्ष्मी को सस्पेंड कर दिया। वहीं ट्रैफिक टीआई राधा यादव को डीसीपी कार्यालय अटैच किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
भाजपा कार्यकर्ताओं का आरोप है कि यातायात पुलिस ने राजनीतिक पहचान होने के बावजूद वीरेंद्र शेंडगे के साथ अभद्र व्यवहार किया और उनके साथ मारपीट भी की गई। वहीं एसीपी का कहना है कि पूरे ही मामले की जांच की जा रही है और घटना में जो भी दोषी होगा उस पर करवाई की जाएगी, वही घटना के बाद राजनीतिक माहौल गर्मा गया है और भाजपा कार्यकर्ता दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved