
पुणे: महाराष्ट्र में पुणे रेल मंडल के पाटस रेलवे स्टेशन पर शनिवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जिसने सभी को झकझोर कर रख दिया. स्टेशन पर रेलवे ट्रैक पार कर रही एक महिला अचानक चल पड़ी मालगाड़ी के बीच फंस गई. जान बचाने के लिए महिला ने जो किया, उसे देखकर वहां मौजूद लोगों की सांसें थम गईं.
जानकारी के अनुसार, महिला यात्री रेलवे ट्रैक पार कर प्लेटफॉर्म की ओर जा रही थी. इसी दौरान स्टेशन पर खड़ी मालगाड़ी अचानक चलने लगी. कुछ ही पलों में महिला खुद को चारों तरफ से घिरा हुआ महसूस करने लगी. ट्रेन की रफ्तार बढ़ने लगी और महिला के पास बचने का कोई रास्ता नहीं बचा.
मौत को सामने देख महिला ने सूझबूझ और हिम्मत का परिचय देते हुए ट्रैक के बीच लेट गई. इसके बाद पूरी मालगाड़ी उसके ऊपर से गुजरती रही और महिला पटरी के बीच सांस रोके पड़ी रही. स्टेशन पर मौजूद लोग यह भयावह दृश्य देखकर सहम गए. हर किसी की निगाहें महिला पर टिकी थीं और लोग उसकी सलामती की दुआ कर रहे थे.
कुछ देर बाद जब मालगाड़ी पूरी तरह गुजर गई, तब महिला सुरक्षित बाहर निकली. महिला को किसी प्रकार की गंभीर चोट नहीं आई, लेकिन घटना ने वहां मौजूद लोगों को अंदर तक हिला दिया.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved