
आज सुबह 6 बजे से लागू हुई बढ़ी हुई दरें, लोगों पर बढ़ेगा बोझ
इंदौर। इंदौर (Indore) सहित देश में आज सुबह पेट्रोल (petrol) और डीजल (diesel) के बढ़े हुए दामों का झटका लगा है। इंदौर में पेट्रोल 3.27 रुपए और डीजल 3.09 रुपए महंगा हो गया है। गाड़ी की टंकी में महंगाई की ये आग जेब को जलाने वाली होगी।
इंदौर पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह वासु के मुताबिक पेट्रोल, डीजल और स्पीड पेट्रोल तीनों के दामों में बढ़ोतरी की गई है। नई कीमतों के अनुसार इंदौर में पेट्रोल अब 109.81 रुपए प्रति लीटर हो गया है, जबकि पहले इसकी कीमत 106.54 रुपए थी। यानी पेट्रोल पर 3.27 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई है। वहीं डीजल की कीमत 91.93 रुपए से बढक़र 95.02 रुपए प्रति लीटर पहुंच गई है। इस तरह डीजल 3.09 रुपए प्रति लीटर महंगा हुआ है। स्पीड पेट्रोल के दाम भी 116.28 रुपए से बढक़र 119.56 रुपए प्रति लीटर हो गए हैं।
इंदौर पर रोज 75 लाख से ज्यादा का बोझ
वासु के मुताबिक इंदौर में रोजाना करीब 10 लाख लीटर पेट्रोल और 15 लाख लीटर डीजल की खपत होती है। ऐसे में नई दरें लागू होने के बाद शहरवासियों पर प्रतिदिन 75 लाख से ज्यादा का आर्थिक बोझ बढ़ेगा। इससे यात्री और माल परिवहन की लागत भी बढ़ेगी, जिससे लोगों पर महंगाई का अप्रत्यक्ष बोझ भी बढ़ेगा। पेट्रोलियम कारोबार से जुड़े लोगों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी और तेल कंपनियों पर बढ़ते दबाव के चलते यह वृद्धि की गई है।
पुराने और नए दामों का अंतर
ईंधन पुराने दाम नए दाम बढ़ोतरी
पेट्रोल 106.54 109.81 3.27
डीजल 91.93 95.02 3.09
स्पीड पेट्रोल 116.28 119.56 3.28
(पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन के मुताबिक)
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved